Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

IIT बॉम्बे छात्र साहिल की आत्महत्या: पिता ने जातिसूचक टिप्पणियों का आरोप लगाया, दो प्रोफेसरों की गिरफ्तारी की मांग की

September 22, 2026

IIT बॉम्बे छात्र साहिल की आत्महत्या: पिता ने जातिसूचक टिप्पणियों का आरोप लगाया, दो प्रोफेसरों की गिरफ्तारी की मांग की

मुंबई: IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के मामले में अब जाति का मुद्दा भी सामने आ गया है। छात्र के पिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए संस्थान के दो प्रोफेसरों- डीन केदारे और प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला की गिरफ्तारी की मांग की है।

पिता ने बताया कि उन्हें फोन पर बेटे की आत्महत्या की जानकारी मिली। उनका आरोप है कि बेटे को संस्थान में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसे निशाना बनाया जा रहा था। पिता ने कहा, “मेरा बेटा IIT में पढ़ रहा था। उसे प्रताड़ित किया गया था और इसकी पूरी जांच होनी चाहिए।”

जातिसूचक शब्दों का आरोप

पिता का दावा है कि उनके बेटे के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। उन्हें धमकियां भी दी गई थीं कि उसे निशाना बनाया जाएगा और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पिता ने आरोप लगाया कि प्रोफेसर डूला उनके बेटे को जाति के आधार पर टारगेट करते थे। बेटे से कहा जाता था कि वह निचली जाति का है, जबकि प्रोफेसर खुद को ऊंची जाति का बताते थे। पिता के मुताबिक, उनका बेटा पिछले साल से ही दबाव और कथित प्रताड़ना का सामना कर रहा था।

नकल के आरोप पर सवाल

परीक्षा में कथित नकल के आरोप पर भी पिता ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर बेटे पर नकल का आरोप लगाया गया है तो संस्थान को इसके सबूत सामने रखने चाहिए। पिता का कहना है कि उनका बेटा पढ़ाई में अच्छा और मेहनती छात्र था। बिना सही जांच के उसे नकल करने वाला बताना गलत है।

गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग

पिता ने कहा, “मैंने अपना बेटा खो दिया है। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिन्होंने उसे प्रताड़ित किया, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।” उन्होंने क्राइम ब्रांच की जांच पर भरोसा जताया, लेकिन सूर्यनारायण डूला और डीन केदारे की गिरफ्तारी की मांग की। परिवार चाहता है कि जांच एजेंसी यह पता लगाए कि क्या छात्र को संस्थान में किसी तरह की प्रताड़ना, जातिगत टिप्पणी या धमकी का सामना करना पड़ा था और क्या इन घटनाओं का उसकी मौत से कोई संबंध था। अभी इन आरोपों की जांच चल रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें