Site icon Dainik Savera Times

IIT मद्रास ने रचा इतिहास, मानव भ्रूण मस्तिष्क की सबसे विस्तृत 3D उच्च रिजॉल्यूशन तस्वीर जारी

चेन्नई: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (आईआईटी मद्रास) मानव भ्रूण मस्तिष्क की सबसे विस्तृत 3डी उच्च रिजॉल्यूशन तस्वीर जारी करने वाला दुनिया का पहला अनुसंधान संगठन बन गया है। यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है जो न्यूरोलॉजी और विकासात्मक जीव विज्ञान के क्षेत्र में नए अवसर प्रदान करेगी। आईआईटी मद्रास के सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सैंटर का यह अग्रणी कार्य ब्रेन मैपिंग तकनीक की सीमाओं को आगे बढ़ाता है और भारत को ब्रेन मैपिंग विज्ञान की वैश्विक श्रेणी में रखता है क्योंकि यह दुनिया में अपनी तरह का पहला काम है। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर वी. कामकोटि ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘पहली बार विश्व स्तर पर सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सैंटर द्वारा विकसित अत्याधुनिक ब्रेन मैपिंग तकनीक का उपयोग करके 5,132 मस्तिष्क खंडों को डिजिटल रूप से कैप्चर किया गया है।’

प्रो. कामकोटि ने कहा कि यह कार्य तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र को आगे बढ़ाएगा और संभावित रूप से मस्तिष्क को प्रभावित करने वाली स्वास्थ्य स्थितियों के लिए उपचार के विकास की ओर ले जाएगा। यह ऐतिहासिक कार्य पहली बार है जब भारत से इस तरह के उन्नत मानव तंत्रिका विज्ञान डेटा का उत्पादन किया गया है। यह परियोजना पश्चिमी देशों की तुलना में 1/10वें हिस्से से भी कम लागत पर पूरी की गई। यह शोध भारत, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, रोमानिया और दक्षिण अफ्रीका के शोधकर्ताओं और चेन्नई स्थित मैडिस्कैन सिस्टम्स और सविता मैडिकल कॉलेज अस्पताल के साथ चिकित्सा सहयोग के साथ आईआईटी-मद्रास में एक बहु-विषयक टीम द्वारा किया गया था।

Exit mobile version