Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana News : अवैध अस्पताल पर छापा, स्टाफ मिला अनट्रेंड

May 2, 2026

Haryana News : अवैध अस्पताल पर छापा, स्टाफ मिला अनट्रेंड

सोनीपत। सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में बिना डिग्री, रजिस्ट्रेशन और अनुमति के एक तथाकथित मल्टी स्पेशिएलिटी अस्पताल चल रहा था। शनिवार को सीएम फ्लाइंग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारकर इसका खुलासा किया।

दवाएं रखी थीं और मरीज भी भर्ती थे

मौके पर मरीज भर्ती मिले, दवाएं मिलीं और लैब भी चल रही थी। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी लापरवाही सामने आई। टीम ने वाल्मीकि मंदिर, दिल्ली चौक के पास स्थित पीसी मल्टी स्पेशिएलिटी अस्पताल में छापा मारा। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं, जिससे साफ हुआ कि अस्पताल अवैध रूप से संचालित हो रहा था। जांच में सामने आया कि अस्पताल गांव पाई निवासी अनिल चला रहा था, जिसने बारहवीं के बाद जीएनएम नर्सिंग का कोर्स किया है।

अस्पताल में नहीं मिली डिग्री

अस्पताल चलाने के लिए उसके पास कोई वैध डिग्री, रजिस्ट्रेशन या जरूरी दस्तावेज मौके पर नहीं मिले। छापेमारी के दौरान गांव निलोठी की एक महिला मरीज सांस की बीमारी के कारण भर्ती मिली। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि अस्पताल में कोई योग्य चिकित्सक मौजूद नहीं था और मरीजों का इलाज अनट्रेंड स्टाफ कर रहा था। टीम को मौके पर पांच अन्य कर्मचारी भी मिले, जिनके पास किसी प्रकार की मेडिकल डिग्री या प्रशिक्षण नहीं था।

लैब में किए जा रहे थे टेस्ट

अस्पताल में एक लैब भी चल रही थी, जहां कई तरह के टेस्ट किए जा रहे थे। जांच में पता चला कि लैब दीपक चला रहा था, जो राठधाना निवासी सुनील के लाइसेंस का इस्तेमाल कर रहा था। अस्पताल में बिना अनुमति दवाइयां रखी गई थीं और मरीजों से इलाज के दौरान ही दवाइयों और फीस के पैसे वसूले जा रहे थे। पूरा काम बिना नियम-कानून के किया जा रहा था, जिससे मरीजों की जान को खतरा बना हुआ था।

2021 से चल रहा है अस्पताल

जानकारी के अनुसार यह अस्पताल वर्ष 2021 से चल रहा था और करीब 40 हजार रुपये मासिक किराये पर बिल्डिंग ली गई थी। सीएम फ्लाइंग टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए पुलिस को सूचना दे दी है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। अस्पताल को सील करने और दवाओं सहित अन्य सामान जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सीएम फ्लाइंग टीम में ये थे शामिल

स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक धीरज ने बताया कि अनट्रेंड स्टाफ द्वारा इलाज करना बेहद खतरनाक है और इससे मरीजों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है। छापेमारी में सीएम फ्लाइंग के इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह, सब इंस्पेक्टर जितेंद्र सीआईडी, सब इंस्पेक्टर राजेश, ड्रग्स इंस्पेक्टर मुनीराम और सिविल अस्पताल के चिकित्सक धीरज सहित अन्य अधिकारी छापामार कार्रवाई में शामिल रहे। मामले की जांच जारी है और आगे सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

खबरें और भी हैं…

खबरें और भी हैं…

खबरें और भी हैं…

खबरें और भी हैं…

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें