Site icon Dainik Savera Times

झारखंड में 65 लाख राशन कार्डधारकों को हर माह एक रुपए किलोग्राम की दर से मिलेगी चना दाल

रांची: झारखंड में 65 लाख राशन कार्डधारकों को राज्य की सरकार प्रतिमाह एक रुपए की दर पर एक किलोग्राम चना दाल उपलब्ध कराएगी। इस योजना की शुरुआत 15 नवंबर को झारखंड राज्य स्थापना दिवस के मौके पर की जाएगी।

राज्य के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा है कि झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत आने वाले लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इसका उद्देश्य राज्य के लोगों के पोषण स्तर में सुधार लाना है। वित्त मंत्री ने कहा कि इसके लिए बजट में 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

बता दें कि बीते 11 अगस्त को सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में इस योजना को मंजूरी दी गई थी। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत आने वाले सभी राशन कार्डधारियों को इसका लाभ दिया जाएगा।

राशन में चना दाल देने का मुख्य उद्देश्य भोजन में प्रोटीन उपलब्ध कराना है। कोरोना काल में सबसे अधिक समस्या प्रोटीन की कमी को लेकर देखी गई थी। राज्य में सबसे अधिक चुनौती कुपोषण को लेकर है। झारखंड में लगभग 48 प्रतिशत बच्चे कुपोषित हैं।

Exit mobile version