Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

चुनाव में लोगों ने संविधान, देश की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में अपना विश्वास दोहराया : Modi

July 1, 2024

चुनाव में लोगों ने संविधान, देश की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में अपना विश्वास दोहराया : Modi

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने तीसरी बार देश की कमान संभालने के बाद अपने पहले ‘मन की बात’ रेडियो कार्यक्रम में रविवार को कहा कि लोगों ने दुनिया के सबसे बड़े चुनाव में देश के संविधान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपना अटूट विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने लोगों को धन्यवाद दिया और निर्वाचन आयोग तथा इस प्रक्रिया से जुड़े हर व्यक्ति को बधाई दी और ‘आकाशवाणी’ के इस मासिक रेडियो कार्यक्रम के 30 मिनट के अपने संबोधन में पैरिस ओलंपिक, ‘वोकल फोर लोकल’ और भारतीय संस्कृति के दुनिया भर में बढ़ते प्रभाव सहित कई मुद्दों पर चर्चा की।


प्रधानमंत्री ने जुलाई महीने शुरू होने वाले पैरिस ओलंपिक में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और लोगों से उनका उत्साहवर्धन करने के लिए सोशल मीडिया पर ‘चीयर4भारत’ हैशटैग का उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि टोक्यो में पिछले ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने हर नागरिक का दिल जीत लिया था और भाग लेने वाले खिलाड़ी पूरे जी-जान से पैरिस ओलंपिक की तैयारियों में लगे हुए हैं।


‘मन की बात’ की 111वीं कड़ी में मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर इस साल आरंभ किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख किया और कहा कि इसके तहत पेड़ लगाने का अभियान तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा, ‘हर कोई अपनी मां के लिए पेड़ लगा रहा है। चाहे वह अमीर हो या गरीब, चाहे वह कामकाजी महिलाएं हों या घरेलू। इस अभियान ने मां के प्रति स्नेह जताने का समान अवसर दिया है।’ उन्होंने कहा, ‘मां के नाम पेड़ लगाने के अभियान से अपनी मां का सम्मान तो होगा ही, साथ ही धरती मां की भी रक्षा होगी।’

मोदी ने तुर्कमेनिस्तान में योग दिवस, राष्ट्रीय कवि गुरुदेव रवींद्र नाथ टैगोर की जयंती मनाए जाने और कैरेबियाई देशों में भारतीय विरासत का जश्न मनाए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि आज दुनिया भर में भारतीय संस्कृति का गौरव गान हो रहा है, जिसकी हर देशवासी खुशी मना रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कुवैत सरकार की ओर से राष्ट्रीय रेडियो पर भारतीय संस्कृति के विभिन्न रंगों को शामिल करते हुए शुरू किए गए हिन्दी के एक विशेष कार्यक्रम का भी जिक्र किया और इस ‘शानदार पहल’ की सराहना की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें