नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को अपने पूर्व कॉलेज दौलत राम कॉलेज में शताब्दी शैक्षणिक भवन, नए कंप्यूटर सेंटर और कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘मिस डीआरसी टैलेंट हंट’ का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने पुराने कॉलेज में लौटना उनके लिए भावुक और गर्व से भरा क्षण है। यहां की नई सुविधाएं छात्राओं को शिक्षा, तकनीक और कौशल विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्रदान करेंगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कॉलेज की पूर्व छात्रा होने पर गर्व जताते हुए कहा कि यहां वापस आकर छात्र जीवन की अनेक यादें ताजा हो गईं। उन्होंने कहा कि छात्राओं के लिए नई सुविधाओं की शुरुआत करना उनके लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि वह स्वयं इसी संस्थान से पढ़कर निकली हैं। ऐसे में वह छात्राओं के सपनों, उम्मीदों और जरूरतों को अच्छी तरह समझती हैं। रेखा गुप्ता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा, सुविधाओं और आगे बढ़ने के अवसरों को सुनिश्चित करने के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ उनके साथ खड़ी हैं।
उन्होंने छात्राओं से खूब पढ़ने, बड़े सपने देखने और पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। कॉलेज में शताब्दी शैक्षणिक भवन का उद्घाटन शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, नए कंप्यूटर सेंटर से छात्राओं को तकनीकी शिक्षा और डिजिटल कौशल विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। कौशल विकास केंद्र उन्हें पढ़ाई के साथ व्यावहारिक कौशल हासिल करने और भविष्य के रोजगार अवसरों के लिए तैयार होने में सहयोग करेगा। ‘मिस डीआरसी टैलेंट हंट’ के शुभारंभ से छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलेगा।
कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह, विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सह मंत्री विजय शंकर तिवारी, कॉलेज प्रबंधन समिति के चेयरमैन मुकुल गुप्ता और कॉलेज की प्राचार्य प्रो. सविता रॉय सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश के माध्यम से छात्राओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कॉलेज की शैक्षणिक और कौशल विकास संबंधी सुविधाओं के विस्तार को छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।

