Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

India GOAT Tour 2025: मेसी को भारत दौरे पर मिले इतने करोड़ रुपए, आयोजक ने किया खुलासा

December 22, 2025

India GOAT Tour 2025: मेसी को भारत दौरे पर मिले इतने करोड़ रुपए, आयोजक ने किया खुलासा

India GOAT Tour 2025: दुनिया के सबसे लोकप्रिय फुटबॉल सितारों में शुमार लियोनल मेसी का India GOAT टूर 2025 भारत में लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहा। तीन दिन के इस हाई-प्रोफाइल दौरे में मेसी ने कोलकाता से शुरुआत की और फिर हैदराबाद, मुंबई होते हुए दिल्ली पहुंचे। जहां एक ओर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, वहीं कोलकाता में कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्था ने आयोजकों को कटघरे में ला खड़ा किया। अब इस पूरे दौरे पर हुए खर्च को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सताद्रु दत्ता ने जांच एजेंसियों को बताया है कि मेसी को भारत लाने और टूर आयोजित करने में कुल मिलाकर लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च हुए।

मेसी की फीस और टैक्स का पूरा हिसाब
एक रिपोर्ट के मुताबिक, SIT की पूछताछ में सताद्रु दत्ता ने बताया कि लियोनल मेसी को इस दौरे के लिए करीब 89 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, जबकि लगभग 11 करोड़ रुपये भारत सरकार को टैक्स के रूप में दिए गए। इस तरह कुल खर्च 100 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गया। बताया गया है कि इस राशि का करीब 30 प्रतिशत स्पॉन्सरशिप से आया, जबकि 30 प्रतिशत टिकट बिक्री से जुटाया गया। जांच के दौरान दत्ता के फ्रीज किए गए बैंक खातों से 20 करोड़ रुपये से अधिक की रकम भी बरामद की गई है।

ये भी पढ़ें- T20 जगत में जल्द शुरू होगी एक नई लीग! 2026 में खेला जाएगा पहला सीजन, 5 टीमें लेंगी हिस्सा

कोलकाता में उम्मीदों से उलट रहा माहौल
भारत दौरे की शुरुआत कोलकाता से हुई थी, जहां मेसी के स्वागत को लेकर जबरदस्त तैयारियां की गई थीं। नेताजी सुभाषचंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हजारों फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए मौजूद थे। इसके बाद शहर में मेसी की करीब 70 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण भी किया गया।

हालांकि, सॉल्ट लेक स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हालात बिगड़ गए। मैदान में मौजूद भीड़ के अचानक मेसी के करीब पहुंचने के बाद सुरक्षा व्यवस्था गड़बड़ा गई, जिसके चलते वह तय समय से पहले ही स्टेडियम से बाहर निकल गए।

नाराज फैंस का हंगामा और आयोजक की गिरफ्तारी
मेसी के जल्दी चले जाने से महंगे टिकट लेकर आए फैंस बेहद नाराज हो गए। गुस्से में कुछ लोगों ने स्टेडियम में तोड़फोड़ की, कुर्सियां उखाड़ी गईं और मैदान में अव्यवस्था फैल गई। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को भी स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस घटना के बाद आयोजन व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे और मुख्य आयोजक सताद्रु दत्ता को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में मामले की जांच SIT को सौंपी गई।

बाकी शहरों में रहा शांत माहौल
कोलकाता के बाद मेसी हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली भी पहुंचे। इन शहरों में उनके कार्यक्रम बिना किसी विवाद के सफलतापूर्वक संपन्न हुए और फैंस को अपने पसंदीदा खिलाड़ी की झलक सलीके से देखने का मौका मिला।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें