Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत देशवासियों के भरोसे पूरी शक्ति से पश्चिम एशिया संकट का मुकाबला कर रहा: PM Modi

March 29, 2026

भारत देशवासियों के भरोसे पूरी शक्ति से पश्चिम एशिया संकट का मुकाबला कर रहा: PM Modi

नोएडा : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि पश्चिमी एशिया में एक महीने से युद्ध जारी है और भारत देशवासियों के भरोसे के साथ इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा है। मोदी ने वैश्विक संकट की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा, ‘मैं प्रदेश व देश के सभी राजनीतिक दलों से आग्रह पूर्वक कहना चाहता हूं कि इस प्रकार के संकट से ऐसी बातें करने से बचें, जो देश के लिए नुक्सानदायक है।‘ उन्होंने कहा, ‘जो भारतीयों और भारत के हक में है, वही भारत सरकार की नीति और रणनीति है।

राजनीति के लिए गलत बयानबाजी करने वाले राजनीतिक बहस में कुछ नंबर पाएंगे लेकिन देश को नुक्सान पहुंचाने वाली हरकतों को देश की जनता कभी माफ नहीं करती।‘ मोदी ने लगभग 11,200 करोड़ रुपए के निवेश से विकसित नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण समेत कार्गो हब का उद्घाटन करने के बाद जेवर में एक समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘आज पूरा विश्व चिंतित हैं, पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध जारी है। युद्ध की वजह से कई सारे देशों में खाने-पीने के सामान, डीजल, खाद का संकट सामने आया है।

हर देश इस संकट का सामना करने के लिए कुछ न कुछ प्रयास कर रहा है लेकिन भारत देशवासियों की ताकत के भरोसे इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा है।‘ उन्होंने कहा कि भारत बड़ी मात्र में कच्चे तेल व गैस प्रभावित देशों से मंगाता है इसलिए सरकार हर वह कदम उठा रही है जिससे सामान्य परिवारों, किसान भाई-बहनों पर इस संकट का बोझ न पड़े। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘विकसित भारत बनाने के लिए सबका प्रयास बहुत जरूरी है। यह आवश्यक है कि 140 करोड़ देशवासी कड़े से कड़ा परिश्रम करें और एकजुट होकर सामना करें।

अभी जो युद्ध जारी है, उससे उपजे संकटों का सामना कैसे करना है, इसके बारे में मैंने संसद में भी बताया है। मेरी कल (शुक्रवार को) सभी मुख्यमंत्रियों से लंबी और सकारात्मक चर्चा हुई है।‘ मोदी ने कहा, ‘आज जनता से फिर से कहूंगा कि हमें शांत मन से, धैर्य के साथ, एकजुटता के साथ मिलजुलकर इस संकट का सामना करना है। यह पूरे विश्व में परेशानी करने वाला संकट है और हमें अपने देश की सबसे ज्यादा चिंता करनी है। यही हम भारतीयों की सबसे बड़ी ताकत है।‘

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें