Site icon Dainik Savera Times

निवारक देखभाल पर जोर दे रहा है भारत: बघेल

नयी दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रो एस पी सिंह बघेल ने चिकित्सा क्षेत्र में उच्च कौशल विकास पर बल देते हुए कहा है कि इससे भारत में स्वास्थ्य सेवायें विकसित देशों के समान हो सकती हैं। प्रो बघेल ने सोमवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान – एम्स के 68 वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अपने उच्च प्रशिक्षित मानव संसाधनों के कारण स्वास्थ्य देखभाल के क्षेत्र में किसी भी विकसित देश के समान हो सकता है।

उन्होंने कहा कि विकसित देशों में भी डॉक्टरों में भारतीयों का प्रतिशत अधिक है, जबकि देश पहले से ही अपनी वैक्सीन निर्माण क्षमताओं, फार्मा उद्योगों और मेडटेक क्षेत्र में अपने नवाचारों के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, भारत निवारक देखभाल पर जोर देने के साथ समग्र स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा दे रहा है। इस अवसर पर नीति आयोग में स्वास्थ्य सदस्य डॉ. वी के पॉल भी उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री ने एम्स में “ एम्स: भारत की स्वास्थ्य देखभाल सुरक्षा में अग्रणी” विषय पर आयोजित प्रदर्शनी का दौरा किया और छात्रों को उनकी उपलब्धियों और योगदान के लिए पुरस्कृत किया।

Exit mobile version