Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत को कुशल ‘मल्टी-मॉडल’ परिवहन प्रणाली की आवश्यकता: Droupadi Murmu

September 15, 2023

भारत को कुशल ‘मल्टी-मॉडल’ परिवहन प्रणाली की आवश्यकता: Droupadi Murmu

नई दिल्लीः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को कहा कि देश को एक कुशल ‘मल्टी-मॉडल’ परिवहन प्रणाली की आवश्यकता है, जिसके लिए रेल, सड़क, वायु और जल परिवहन को अलग-अलग देखने के बजाय उनका समग्र नजरिए से प्रबंधन किया जाना चाहिए। द्रौपदी मुर्मू ने यहां राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में भारतीय रेलवे की विभिन्न सेवाओं के (2019, 2020 और 2021 बैच) 213 परिवीक्षाधीन अधिकारियों के एक समूह को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी अन्य वाणिज्यिक संगठन के विपरीत रेलवे देश की एक सामाजिक जीवन रेखा है।

उन्होंने कहा कि यह आम लोगों के सपनों को एक स्थान से दूसरे स्थान लेकर जाती है और साथ ही इसकी राष्ट्रव्यापी संपर्क सुविधा देश की विविधता को दर्शाती है। द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ‘‘देश को एक कुशल ‘मल्टी-मॉडल’ परिवहन प्रणाली की आवश्यकता है, जिसके लिए रेल, सड़क, वायु और जल परिवहन को अलग-अलग देखने के बजाय उनका समग्र नजरिए से प्रबंधन किया जाना चाहिए।’’ द्रौपदी मुर्मू ने परिवीक्षाधीन अधिकारियों से कहा, ‘‘मैं आप सभी से अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर काम करने का आग्रह करती हूं ताकि आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र का लक्ष्य हासिल किया जा सके।’’

उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अभूतपूर्व गति के साथ और बड़े पैमाने पर परिवर्तन हो रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से सामूहिक रूप से काम करने और रेलवे को भविष्य के लिए तैयार संगठन बनाने को कहा। द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि रेलगाड़ियां और उनकी यात्राएं हमेशा लोगों के जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘लोकल ट्रेन से लेकर लंबी दूरी की ट्रेन तक, रेलगाड़ी की हर यात्रा अनगिनत कहानियां बनाती है और उनकी गवाह बनती है। सार्वजनिक जीवन पर गहरा प्रभाव डालने वाले ऐसे प्रतिष्ठान का एक बहुत ही महत्वपूर्ण हिस्सा होने के नाते आपको यह समझना चाहिए कि देश और लोगों को आपसे बहुत उम्मीदें हैं।’’

राष्ट्रपति ने कहा कि रेलवे दिन-ब-दिन अधिक ईंधन-कुशल होता जा रहा है और वह नए एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके भी अपना रहा है। द्रौपदी मुर्मू ने कहा, कि ‘रेलवे बुनियादी ढांचे का विकास देश की सामाजिक-आर्थिक वृद्धि एवं विकास को बहुत प्रोत्साहित करता है।’’ उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय सुविधाओं को शामिल करके और हरित प्रौद्योगिकी का उपयोग करके ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत रेलवे स्टेशन का पुर्निवकास करना एक महान जन-केंद्रित पहल है जो पर्यटन गतिविधियों और आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देगी। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि आज यहां मौजूद सभी प्रतिभाशाली युवा अधिकारी एक आधुनिक हरित भारतीय रेलवे और एक विकसित राष्ट्र के निर्माण में उपयोगी भूमिका निभाएंगे।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें