Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत की ग्लोबल पासपोर्ट रैंकिंग में सुधार, 75वें पायदान पर लगाई छलांग

February 15, 2026

भारत की ग्लोबल पासपोर्ट रैंकिंग में सुधार, 75वें पायदान पर लगाई छलांग

नेशनल डेस्क: ताज़ा हेनले पासपोर्ट इंडेक्स के अनुसार, भारत की ग्लोबल पासपोर्ट रैंकिंग में सुधार दर्ज किया गया है। Henley & Partners द्वारा जारी इस सूची में भारतीय पासपोर्ट 10 स्थान की छलांग लगाकर 75वें पायदान पर पहुंच गया है। यह बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बेहतर होती स्थिति को दर्शाती है। हालांकि रैंकिंग में सुधार हुआ है, लेकिन इसी दौरान भारतीय यात्रियों को दो देशों में वीजा फ्री या वीजा ऑन अराइवल की सुविधा खोनी पड़ी है। इन बदलावों का असर यात्रियों की योजना पर पड़ सकता है।

सबसे बड़ा बदलाव ईरान से जुड़ा है। नवंबर 2025 में ईरान ने भारतीय नागरिकों के लिए वीजा फ्री एंट्री की सुविधा बंद कर दी। भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह फैसला धोखाधड़ी और मानव तस्करी से जुड़ी चिंताओं के कारण लिया गया। रिपोर्ट्स में सामने आया था कि कुछ भारतीयों को फर्जी नौकरी के नाम पर ईरान ले जाया गया। सुरक्षा कारणों से अब भारतीय यात्रियों को ईरान जाने से पहले वीजा लेना अनिवार्य होगा।

दूसरा बदलाव बोलिविया में किया गया है। पहले भारतीय नागरिकों को वहां पहुंचने पर वीजा मिल जाता था, लेकिन अब इस व्यवस्था को बदलकर ई-वीजा प्रणाली लागू कर दी गई है। अब यात्रियों को यात्रा से पहले ऑनलाइन आवेदन कर मंजूरी लेनी होगी। चूंकि यह प्रक्रिया पहले से अनुमति लेने पर आधारित है, इसलिए इसे वीजा ऑन अराइवल श्रेणी में शामिल नहीं किया जाता।

हेनले पासपोर्ट इंडेक्स केवल इस आधार पर रैंकिंग तय नहीं करता कि कोई देश कितनी जगहों पर जा सकता है। यह पासपोर्ट की तुलना दूसरे देशों के पासपोर्ट से करता है। अगर अन्य देशों की स्थिति कमजोर होती है या उनकी वीजा फ्री पहुंच कम होती है, तो उससे भी रैंकिंग में बदलाव आता है। इसी तुलनात्मक बदलाव का फायदा इस बार भारत को मिला है।

यह इंडेक्स दुनिया के 199 पासपोर्ट को 227 गंतव्यों के आधार पर आंकता है। इसके लिए डेटा इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) से लिया जाता है, जिन देशों में बिना वीजा, वीजा ऑन अराइवल या सीमित इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइजेशन के साथ यात्रा संभव होती है, उनके आधार पर अंक दिए जाते हैं। कुल स्कोर से ही वैश्विक रैंक तय होती है।

ईरान और बोलिविया में नियम बदलने के बावजूद भारत को अभी भी कई देशों में वीजा फ्री या वीजा ऑन अराइवल सुविधा मिल रही है। 10 स्थान की बढ़ोतरी यह दिखाती है कि पासपोर्ट की ताकत समय के साथ बदलती रहती है और यह कूटनीतिक संबंधों, सुरक्षा नीतियों और वैश्विक यात्रा नियमों से प्रभावित होती है।

Video: हर-हर महादेव से गूंजा नारनौल, सुबह से लगी लंबी लाइनें

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें