नेशनल डेस्क। वेनेजुएला में अचानक ऐसी घटना हुई जिसने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया। खबरों के मुताबिक, रात के अंधेरे में अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को राजधानी काराकस से जबरन अपने साथ ले लिया। इस घटनाक्रम के बाद वेनेजुएला की सत्ता और हालात पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, इस अप्रत्याशित घटनाक्रम को लेकर अब भारत ने भी अपनी चिंता जाहिर की है। भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस मामले पर एक आधिकारिक बयान जारी किया है। मंत्रालय ने कहा है कि वेनेजुएला में जो कुछ भी हो रहा है, वह बेहद चिंताजनक है और भारत सरकार वहां के हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। भारत ने साफ किया है कि वह वेनेजुएला में शांति और स्थिरता का समर्थन करता है।
Press Release on recent developments in Venezuela ⬇️
🔗 https://t.co/PrU0nIRLiQ pic.twitter.com/jVBI5TcGMV
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) January 4, 2026
भारत ने वेनेजुएला के लोगों के समर्थन की बात दोहराई
विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि भारत वेनेजुएला के आम लोगों की भलाई, सुरक्षा और भविष्य को लेकर चिंतित है। भारत चाहता है कि वहां की स्थिति जल्द से जल्द सामान्य हो।भारत ने सभी संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे बातचीत और संवाद के जरिए समस्या का शांतिपूर्ण समाधान निकालें, ताकि किसी भी तरह की हिंसा या अस्थिरता से बचा जा सके।
वेनेजुएला में फंसे भारतीयों की सुरक्षा पर जोर
भारत सरकार ने वेनेजुएला में रह रहे भारतीय नागरिकों को भी भरोसा दिलाया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि काराकस में मौजूद भारतीय दूतावास, वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों के संपर्क में है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर भारतीयों को हर संभव मदद दी जाएगी और उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
भारतीय नागरिकों के लिए जारी की गई एडवाइजरी
इससे पहले विदेश मंत्रालय ने वेनेजुएला को लेकर एक यात्रा सलाह (एडवाइजरी) भी जारी की थी। इसमें कहा गया है कि मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय नागरिकों को वेनेजुएला की गैर-जरूरी यात्राओं से बचना चाहिए। जो भारतीय किसी कारण से पहले से वेनेजुएला में मौजूद हैं, उन्हें बेहद सतर्क रहने, अपनी गतिविधियों को सीमित रखने और भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क में रहने की सलाह दी गई है।
आपात स्थिति में यहां करें संपर्क
भारत सरकार ने भारतीय नागरिकों के लिए संपर्क जानकारी भी साझा की है ईमेल: cons.caracas@mea.gov.in, इमरजेंसी नंबर: +58-412-9584288 (इस नंबर पर व्हाट्सएप कॉल भी की जा सकती है)
ये है पूरा मामला
आपको बता दें कि, अमेरिकी ट्रंप सरकार ने बीते दिन वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो समेत उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों पर अमेरिका में ड्रग्स और हथियारों की अवैध तस्करी को बढ़ावा देने का आरोप है। नार्को-टेरर के तहत दोनों पर केस दर्ज किया गया है। वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति रहीं डेल्सी रेड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति बनाया गया है। वेनेजुएला में स्थिति सामान्य होने तक रोड्रिग्ज ही राष्ट्रपति का पदभार संभालेंगी।
ये भी पढ़ेंः साली से प्यार कर बैठा होने वाला दूल्हा, मंदिर में रचाई शादी

