
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पोलैंड के उनके समकक्ष डोनाल्ड टस्क ने बढ़ती वैश्विक अस्थिरता के बीच दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का बृहस्पतिवार को संकल्प लिया तथा द्विपक्षीय रक्षा, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में संबंधों को और प्रगाढ़ करने पर सहमति जताई।
वार्ता के बाद, मोदी ने कहा कि दोनों देश लोकतांत्रिक मूल्यों और कानून के शासन में विश्वास रखते हैं तथा भारत, यूक्रेन और पश्चिम एशिया में शांति लाने के हर सार्थक प्रयास का समर्थन करता रहेगा। यूक्रेन में संघर्ष को समाप्त करने के लिए वैश्विक स्तर पर फिर से जोर दिए जाने के बीच, टस्क 3 दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। मोदी ने कहा, ‘आज हम रक्षा, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में अपने संबंधों को और प्रगाढ़ करने पर सहमत हुए।
हम पोलैंड की कंपनियों को आमंत्रित करते हैं कि वे इन सभी रणनीतिक क्षेत्रों में भारत के साथ मिलकर सह-विकास और सह-उत्पादन के काम में शामिल हों।’ उन्होंने कहा, ‘महत्वपूर्ण खनिजों और कोयला गैसीकरण के क्षेत्र में भी, हम पोलैंड की विशेषज्ञता के साथ नई साझेदारियां बनाएंगे।’ मोदी ने कहा कि भारत और पोलैंड के बीच मित्रता न केवल राजनयिक संबंधों पर, बल्कि मानवता और करुणा की साझा विरासत पर भी आधारित है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...