नई दिल्ली: भारतीय LPG (रसोई गैस) ले जाने वाला जहाज नंदा देवी मंगलवार को गुजरात के जामनगर स्थित वडिनार पोर्ट पर सुरक्षित पहुंच गया। इस जहाज में करीब 46,500 मीट्रिक टन LPG भरी हुई है। अब इस गैस को सीधे पोर्ट पर उतारने के बजाय समुद्र में ही एक जहाज़ से दूसरे जहाज़ में ट्रांसफर (शिप-टू-शिप ट्रांसफर) किया जाएगा। इसके लिए मदर वेसल MT नंदा देवी से डॉटर वेसल MT BW बिर्च में गैस ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान का अफगानिस्तान के 2,000 बेड वाले हॉस्पिटल पर हमला, 250 से अधिक घायल
दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी (DPA) के चेयरमैन सुशील कुमार सिंह जहाज़ पर गए और उन्होंने कप्तान व क्रू से मुलाकात कर उनकी व्यवस्था का जायजा लिया। यह दूसरा भारतीय LPG जहाज है जो होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) को सुरक्षित पार करके भारत पहुंचा है। इससे पहले LPG शिवालिक नाम का जहाज़ सोमवार को मुंद्रा पोर्ट पहुंचा था, जिसमें 46,000 मीट्रिक टन LPG थी। इसमें से 20,000 टन मुंद्रा में उतारी जाएगी और बाकी 26,000 टन मैंगलोर भेजी जाएगी।
ईरानी नौसेना ने पार कराने में मदद की: चीफ ऑफिसर
नंदा देवी जहाज़ के चीफ ऑफिसर ने बताया कि यह पूरा ऑपरेशन भारत सरकार के पोर्ट्स, शिपिंग और वॉटरवेज़ मंत्रालय और शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया की पहल पर किया गया। इस दौरान भारतीय नौसेना और ईरानी नौसेना ने जहाज़ को होर्मुज़ जलडमरूमध्य पार कराने में मदद की। उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह मिशन सफल रहा और इससे दुनिया में LPG की कमी को कम करने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- Chaitra Navratri 2026: वैष्णो देवी यात्रा के लिए खास तैयारी… सुरक्षा प्रबंध कड़े, बिना RFID CARD नहीं मिलेगी एंट्री
वहीं, शिपिंग मंत्रालय के स्पेशल सेक्रेटरी राजेश कुमार सिन्हा ने जानकारी दी कि UAE से करीब 81,000 टन मुरबन क्रूड ऑयल लेकर निकला भारतीय जहाज जग लाडकी भी सुरक्षित रूप से भारत आ रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, फारस की खाड़ी क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में किसी भी तरह की घटना की कोई खबर नहीं मिली है। फिलहाल इस क्षेत्र में 22 भारतीय झंडे वाले जहाज मौजूद हैं, जिनमें कुल 611 भारतीय नाविक सवार हैं।

