चेन्नई: भारत और अमेरिका की नौसेनाओं ने समुद्री गश्त और पनडुब्बी-रोधी युद्ध को लेकर समन्वय में सुधार पर ध्यान केंद्रित करते हुए सप्ताहभर तक चले संयुक्त अभ्यास को पूरा किया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अमेरिका के गश्ती स्क्वाड्रन वीपी-26 के ‘ट्राइडेंट्स’ ने भारतीय नौसेना के एयर स्क्वाड्रन 312 के ‘अल्बाट्रॉस’ के साथ संयुक्त पनडुब्बी-रोधी युद्धाभ्यास में भाग लिया।
यहां एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘विषय विशेषज्ञ आदान-प्रदान दोनों नौसेनाओं के समुद्री गश्त और टोही बलों के बीच समन्वय में सुधार पर केंद्रित था। इसमें पनडुब्बी रोधी युद्ध पर प्रशिक्षण और हिन्द महासागर में विशिष्ट समुद्री चुनौतियों पर जानकारी साझा करना शामिल था।’’ दोनों स्क्वाड्रन ने उड़ान और गैर-उड़ान गतिविधियों में भाग लिया, जिसमें परिचालन योजना, रखरखाव प्रशिक्षण और साजो-सामान समर्थन पर चर्चा शामिल थी।
वीपी-26 के प्रभारी अधिकारी लेफ्टिनेंट रेयान स्पीयर ने कहा, ‘‘यह भारत के साथ हमारी साझेदारी को मजबूत करने और समुद्री तटों की रक्षा के लिए मिलकर काम करने की हमारी क्षमता में सुधार करने का एक शानदार अवसर है।