Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत की आर्थिक प्रगति दुनिया के लिए विश्वास का स्रोत है : PM Modi

September 4, 2026

भारत की आर्थिक प्रगति दुनिया के लिए विश्वास का स्रोत है : PM Modi

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बैल्जियम के उनके समकक्ष बार्ट डी. वेवर के बीच व्यापक बातचीत के बाद भारत और बैल्जियम ने वीरवार को व्यापार, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों, स्वच्छ ऊर्जा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में अपने सहयोग को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाने पर सहमति जताई। मोदी ने अपने मीडिया वक्तव्य में पिछली तिमाही में भारत द्वारा 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर दर्ज किए जाने का उल्लेख किया और कहा कि देश की आर्थिक प्रगति दुनिया के लिए विश्वास और नए अवसरों का स्रोत है।

बैल्जियम के प्रधानमंत्री ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के संपन्न होने को एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि भारत और बैल्जियम ऐसे संबंध बना रहे हैं, जो व्यापक हैं और पहले की तुलना में कहीं अधिक रणनीतिक हैं। मोदी ने कहा, आज दुनिया उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है। दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष की स्थितियां बनी हुई हैं। भोजन, ईंधन या आपूर्ति शृंखलाओं को लेकर अनिश्चितता हर क्षेत्र को प्रभावित कर रही है।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों की सरकारों और रक्षा उद्योगों के बीच हुए समझौते रक्षा उपकरणों के सह-विकास और सह-उत्पादन के लिए नए अवसर खोलेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों पक्षों ने स्टार्ट-अप के बीच संपर्क मजबूत करने और समुद्री क्षेत्र में क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने पर भी सहमति जताई। उन्होंने कहा, हम विश्वविद्यालयों और अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग को भी मजबूत करेंगे। साथ ही, प्रतिभाओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए हम जल्द ही ‘प्रवासन और गतिशीलता साझेदारी समझौते’ को अंतिम रूप देंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें