Site icon Dainik Savera Times

IndiGo : क्रू की कमी और खराब मौसम की वजह से 150 उड़ानें हुईं रद्द, यात्रियों की बड़ी दिक्कतें

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो इन दिनों बड़े ऑपरेशनल संकट का सामना कर रही है। बुधवार को करीब 150 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिससे लाखों यात्रियों को भारी दिक्कत हुई। स्थिति इतनी खराब रही कि डीजीसीए (DGCA) ने इंडिगो के शीर्ष अधिकारियों को बुलाकर जवाब मांगा है।

क्यों हो रही है समस्या
इंडिगो में यह समस्या मुख्य रूप से दो कारणों से बढ़ी है।  डीजीसीए के नए FDTL नियम (1 नवंबर से लागू)। नए नियमों के अनुसार पायलट और एयरक्रू को एक दिन में 8 घंटे से ज्यादा उड़ान नहीं भरने दी जाएगी। हफ्ते में 35 घंटे, महीने में 125 घंटे और साल में 1000 घंटे से ज्यादा ड्यूटी नहीं होगी। लगातार दो रात की ड्यूटी के बाद फिर से नाइट शिफ्ट नहीं दी जाएगी। पायलट रात में दो से ज्यादा लैंडिंग नहीं कर सकेंगे। ये नियम क्रू की सुरक्षा और थकान कम करने के लिए बनाए गए हैं।

इंडिगो में क्रू की बड़ी कमी
नियम सख्त हो गए, लेकिन इंडिगो के पास पर्याप्त पायलट और फ्लाइट अटेंडेंट नहीं हैं। इसी वजह से कंपनी को कई उड़ानें रद्द करनी पड़ रही हैं।

इंडिगो का आया बयान
उड़ानें रद्द होने के बाद इंडिगो ने बयान जारी किया और कहा हम मानते हैं कि पिछले दो दिनों में हमारी उड़ानें बुरी तरह प्रभावित हुईं। इसके लिए हम यात्रियों से माफी चाहते हैं। इंडिगो ने तकनीकी दिक्कतें, खराब मौसम, बढ़ता ट्रैफिक और FDTL नियमों को वजह बताया। कंपनी ने कहा कि अगले 48 घंटे में स्थिति सामान्य करने की कोशिश की जाएगी।

 

नवंबर में 1232 उड़ानें रद्द
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नवंबर महीने में कुल 1232 उड़ानें रद्द, इनमें से 755 उड़ानें क्रू की कमी की वजह से। 92 ATC सिस्टम फेल होने से। 258 एयरस्पेस की पाबंदियों से 127 अन्य कारणों से हुईं हैं।

कहां-कहां सबसे ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं?

एयरपोर्ट रद्द उड़ानें
            दिल्ली   67
           बेंगलुरु   42
         हैदराबाद   40
          मुंबई   33

 

समय पर उड़ान भरने का रिकॉर्ड भी बिगड़ा
इंडिगो को हमेशा समय पर उड़ान भरने वाली एयरलाइन माना जाता था, लेकिन अक्टूबर में 84% फ्लाइट समय पर थीं। नवंबर में यह घटकर 67% रह गया। मंगलवार को सिर्फ 35% फ्लाइट्स ही समय से उड़ सकीं। बुधवार के आंकड़े अभी जारी नहीं हुए हैं। यात्रियों की परेशानियां  कोई जानकारी नहीं, कनेक्टिंग फ्लाइट मिस।

कई यात्रियों ने अपनी समस्याएं बताईं
शिकागो से अहमदाबाद जा रहे एक यात्री ने बताया हमें कहा गया कि अगली फ्लाइट गुरुवार सुबह 5:30 बजे के बाद मिलेगी। हम दिल्ली में नहीं रहते और रहने की कोई जगह भी नहीं दी गई।

कई लोगों की कनेक्टिंग फ्लाइट मिस
एक महिला यात्री ने बताया कोच्चि जाने वाली दो कनेक्टिंग उड़ानें मिस हो गईं। एक अन्य यात्री ने कहा दिल्ली-मुंबई फ्लाइट 5 घंटे लेट हुई। इस दौरान कोई सही जानकारी नहीं दी गई।

पायलट संगठन ने भी एयरलाइंस को जिम्मेदार ठहराया
800 से ज्यादा पायलटों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था “एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया” ने कहा एयरलाइंस को नए नियम लागू करने के लिए बहुत समय मिला था। फिर भी उन्होंने तैयारी बहुत देर से शुरू की। क्रू रोस्टर समय पर एडजस्ट नहीं किया गया। इसी कारण आज यह स्थिति बनी।

Exit mobile version