नेशनल डेस्क: इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से लोगों की तबीयत लगातार खराब हो रही है। गुरुवार को ही 338 नए मरीज सामने आए हैं। स्थिति गंभीर बनी हुई है, क्योंकि अभी भी 32 मरीज आईसीयू में भर्ती हैं। अब तक इस बीमारी से प्रभावित मरीजों की संख्या करीब 2800 तक पहुंच चुकी है। दूषित पानी से अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है।
भागीरथपुरा स्थित स्वास्थ्य केंद्र में सुबह से देर रात तक मरीजों की भीड़ लगी रही। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी उल्टी-दस्त और पेट से जुड़ी समस्याओं से परेशान होकर इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। कई परिवारों के सभी सदस्य एक साथ बीमार हो गए हैं, जिससे लोगों में गुस्सा और डर दोनों बना हुआ है।
इलाके में पीने के पानी के लिए टैंकर भेजे जा रहे हैं, लेकिन लोगों को उस पानी की गुणवत्ता पर भरोसा नहीं है। अधिकतर लोग मजबूरी में आरओ का पानी मंगवाकर पी रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक साफ पानी की पक्की व्यवस्था नहीं होती, तब तक बीमारी का खतरा बना रहेगा। स्वास्थ्य विभाग ने हालात को देखते हुए 21 मेडिकल टीमें बनाई हैं। इन टीमों में डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, एएनएम और आशा कार्यकर्ता शामिल हैं। ये टीमें घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रही हैं और उन्हें उबला हुआ पानी पीने तथा बाहर का खाना न खाने की सलाह दे रही हैं।
ये भी पढ़ें: शाहरुख खान की जीभ काटकर लाने वाले को ₹100000 नगद इनाम… जानें किस ने दिया ये विवादित बयान
गुरुवार को 1714 घरों का सर्वे किया गया, जिसमें लगभग 8571 लोगों की स्वास्थ्य जांच हुई। इनमें से 338 लोग बीमार पाए गए, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। अब तक कुल 272 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 71 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि अभी 201 मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें 32 मरीजों की हालत गंभीर होने के कारण आईसीयू में इलाज चल रहा है।
जोन नंबर पांच में जल शिकायतें सबसे ज्यादा
भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद नगर निगम ने जल से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेना शुरू किया है। नए साल के पहले दिन दोपहर 2:30 बजे तक इंदौर-311 हेल्पलाइन पर पिछले 24 घंटों में 206 पानी से संबंधित शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें सबसे ज्यादा शिकायतें जोन नंबर पांच से आई हैं। प्रशासन का कहना है कि पानी की लाइन, टंकियों और सप्लाई सिस्टम की जांच की जा रही है, ताकि आगे ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
ये भी पढ़ें: नए साल पर यूक्रेन ने रूस के खेरसॉन में किया हमला, बच्चे समेत 24 लोगों की मौत, 50 घायल

