Gopal Khemka Murder Case : बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार देर रात उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक के पास गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटनास्थल से गांधी मैदान थाने की दूरी महज 600 मीटर है। इसके बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंच सकी, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।
भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने खेमका परिवार से मुलाकात के बाद कहा कि जिस व्यक्ति के परिवार का अभिभावक चला गया हो, उसकी स्थिति समझी जा सकती है। 6 साल में पिता और पुत्र दोनों की हत्या दुर्भाग्यपूर्ण ही नहीं, बल्कि गंभीर चिंता का विषय है। गोपाल खेमका एक प्रसिद्ध व्यवसायी और समाजसेवी थे। सरकार को इस घटना को गंभीरता से लेना चाहिए और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर उन पर तेजी से मुकदमा चलाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह बहुत दुखद है कि शहर के बीचों-बीच इतनी बड़ी घटना हो जाती है और पुलिस समय पर नहीं पहुंचती। प्रशासन को सजग होकर ऐसा कड़ा संदेश देना होगा कि भविष्य में कोई अपराधी ऐसी दुस्साहसिक हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
तमाशा देखने आई पुलिस: शंकर खेमका-
गोपाल खेमका के भाई शंकर खेमका ने कहा कि हमें नहीं लगता कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी थी। वे प्रतिदिन सुबह 10 बजे ऑफिस चले जाते थे। घटना की सूचना मिलने के बाद भी पुलिस का उदासीन बने रहना समझ से परे है। गांधी मैदान थाने की पुलिस करीब डेढ़ बजे पहुंची और टाउन डीएसपी करीब दो बजे, फिर पटना सिटी एसपी ढाई बजे पहुंचे। हमने खुद पुलिस को बताया कि गोली कहां चली, कहां गिरी। इसके बाद उन्होंने ईंटों से बाड़बंदी शुरू कर दी। ऐसा लग रहा था कि वे तमाशा देखने आए थे।
गेट खोलने पंहुचा गार्ड, चली गोली-
मौके पर मौजूद बिल्डिंग के गार्ड राम पारस ने बताया कि रात करीब साढ़े ग्यारह बजे गोपाल खेमका ने बिल्डिंग का गेट खोलने के लिए कार का हॉर्न बजाया। जैसे ही वे गेट खोलने पहुंचे, गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गेट खोलने के बाद देखा कि खेमका की मौत हो चुकी थी। हम कुछ समझ पाते उससे पहले ही सब कुछ हो गया। कोई भी दिखाई नहीं दे रहा था।
CCTV फुटेज की जांच-
फिलहाल एफएसएल की टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। मौके से दो खाली कारतूस बरामद हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। टाउन डीएसपी-2 प्रकाश ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और जो भी साक्ष्य मिल सकते हैं, उन्हें जुटाया जा रहा है।

