नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 13 साल का एक बच्चा संत प्रेमानंद महाराज से इतना प्रभावित हो गया कि उसने अपना घर ही छोड़ दिया। घर से जाने से पहले बच्चे ने अपने माता-पिता के नाम एक भावुक पत्र भी लिखा।
यह घटना इंदौर जिले के खजराना थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी की है। बताया जा रहा है कि बच्चा कक्षा 10वीं का छात्र है। घर से निकलने से पहले उसने अपने माता-पिता के लिए एक पत्र छोड़ा, जिसमें उसने लिखा कि वह वृंदावन जाकर महाराज जी के चरणों में रहना चाहता है।
मैं अपने असली परिवार के पास जा रहा हूं
पत्र में बच्चे ने लिखा, “मम्मी-पापा, मैं महाराज जी के पास जा रहा हूं। मैं अपने असली परिवार के पास जा रहा हूं। आप लोग मुझे ढूंढने की कोशिश मत करना। आपके साथ मेरा जीवन पूरा हो गया है, अब मैं जा रहा हूं।” बच्चे ने यह भी लिखा कि वह घर से 1000 रुपये लेकर जा रहा है। उसने अपने माता-पिता को भरोसा दिलाया कि उसका एक दोस्त यह पैसे बाद में उन्हें लौटा देगा।
जब बच्चे के घर से अचानक गायब होने का पता चला तो परिवार के लोग घबरा गए। इसके बाद बच्चे के परिजनों ने खजराना थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बच्चे के पिता पेशे से ड्राइवर हैं। परिवार को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही उनके बेटे को ढूंढ लेगी।
कौन हैं प्रेमानंद महाराज?
प्रेमानंद महाराज वृंदावन में रहने वाले एक प्रसिद्ध संत हैं। उन्हें राधा रानी का परम भक्त माना जाता है। वे अपने सत्संग और प्रवचनों के माध्यम से लोगों को सरल और सकारात्मक जीवन जीने की सीख देते हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके लाखों अनुयायी हैं और खासकर युवा वर्ग उनके विचारों और प्रवचनों से काफी प्रभावित होता है।

