नई दिल्ली : दिल्ली सरकार के ‘सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत लोक निर्माण एवं जल मंत्री परवेश साहिब सिंह ने शनिवार को पूर्वी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पटपड़गंज हाईवे और झिलमिल अंडरपास में जलभराव की स्थिति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उनके साथ स्थानीय विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता भी मौजूद रहे।
मंत्री ने कहा कि पटपड़गंज और झिलमिल क्षेत्र वर्षों से मानसून में जलभराव की समस्या से प्रभावित रहे हैं, लेकिन विभागों के बेहतर समन्वय और सुनियोजित कार्ययोजना से स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है। उन्होंने बताया कि जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए नालों की सफाई और अन्य अभियांत्रिकी कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि लक्ष्मी नगर के व्यस्त चौराहे पर जल्द ही आधुनिक स्काईवॉक का निर्माण कराया जाएगा, जिससे पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी और यातायात सुगम होगा।
साथ ही जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में प्रीकास्ट स्टॉर्म वॉटर ड्रेन का निर्माण भी किया जाएगा। परवेश साहिब सिंह ने कहा कि दिल्ली में जलभराव की 80 से 90 प्रतिशत समस्या का समाधान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ अभियान का उद्देश्य विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए सरकार को सीधे जनता और परियोजना स्थलों तक पहुंचाना है।

