Dainik Savera Times

Inspiring Women Achievers Awards : चमकीं हरियाणा और पंजाब की बेटियां

inspiring-women-achievers-awards-ambala

अम्बाला। आइडिया हाउस की ओर से ‘इंस्पायरिंग वूमेन अचीवर्स अवॉर्ड्स (IWAA) 2026’ का आयोजन किया गया। जिंदल रियल एस्टेट डेवलपर्स के सहयोग से आयोजित इस गरिमामयी समारोह में हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ की उन 81 चुनिंदा महिलाओं को सम्मानित किया।

विधायक शक्ति रानी ने बढ़ाया महिलाओं का हौसला

इन महिलाओं ने रूढ़ियों को तोड़कर शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, खेल, राजनीति और समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी सफलता का परचम लहराया है। कार्यक्रम का आगाज रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट डॉ. रीटा कालरा ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। उन्होंने अपने संबोधन में बेहद सटीक बात कही कि महिला सशक्तीकरण अब महज कोई सामाजिक नारा नहीं है, बल्कि यह देश के सुनहरे भविष्य की सबसे मजबूत बुनियाद है। बतौर मुख्य अतिथि कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा ने सम्मानित महिलाओं का हौसला बढ़ाया और कहा कि आज की नारी ने यह साबित कर दिया है कि वह किसी भी मोर्चे पर पुरुषों से कम नहीं है। राजनीति से लेकर कॉरपोरेट जगत और खेल के मैदान से लेकर प्रशासनिक सेवाओं तक, महिलाएं अपनी नेतृत्व क्षमता का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज जिन 81 महिलाओं को सम्मानित किया। उनकी कहानियां आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक का काम करेंगी।

चित्रा सरवारा को ‘आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट अवॉर्ड’

inspiring-women-achievers-awards-ambala
inspiring-women-achievers-awards-ambala

इस पूरे समारोह का सबसे भावुक और गौरवशाली क्षण वह था जब मंच पर ‘आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट अवॉर्ड’ की घोषणा हुई। समाज और राजनीति में अपनी बेबाक आवाज और जमीनी पकड़ के लिए जानी जाने वाली चित्रा सरवारा, कुसुम लता और संतोष गोयल को इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। सम्मान ग्रहण करने के बाद चित्रा सरवारा ने कहा कि महिलाओं को सशक्त करने का सबसे बेहतरीन तरीका यही है कि उन्हें फैसले लेने की आजादी और बराबर के अवसर दिए जाएं।

योग सेवाओं के लिए एकता डांग सम्मानित

13 वर्षों से समाज में निशुल्क योग सेवाएं दे रही योग शिक्षिका एकता डांग को इस साल तीसरी बार वूमेन अचीवर अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। योग शिक्षिका सभी स्कूल कॉलेज सामाजिक संस्थाओं तथा सामाजिक क्लब तथा बाल भवन तथा पार्क में निशुल्क सेवाएं दे रही है। डांग ने बताया कि योग सेवाओं की शुरुआत ब्रह्माकुमारी संस्था के निर्देशन में प्रारंभ की गई थी जो अब तक विभिन्न स्थानों में जारी है। इन्हीं सेवाओ के चलते गत शाम आइडिया हाउस की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शक्ति रानी के निर्देशन में एकता डांग को आकर्षित उपहारों से सम्मानित किया गया।

सुरीली धुनों से किया सभागार को मंत्रमुग्ध

इस सम्मान समारोह के बीच ‘अंबाला महफिल’ के कलाकारों ने अपनी जादुई गायकी और सुरीली धुनों से पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर एक अचीवर महिला के परिचय के साथ पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठता था। समारोह के समापन पर ‘आइडिया हाउस’ के संस्थापक जीएस जस्सर ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए इंसानियत फाउंडेशन की टीम, सभी प्रायोजकों और मीडिया जगत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि IWAA का मकसद सिर्फ ट्रॉफी बांटना नहीं है, बल्कि उन गुमनाम संघर्षों और कहानियों को दुनिया के सामने लाना है जो समाज में चुपचाप एक बड़ा बदलाव ला रही हैं।

Also Read :

Exit mobile version