Site icon Dainik Savera Times

प्रदूषण फैलाने वाली निजी बसों के प्रवेश को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश : Gopal Rai

नई दिल्लीः दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को परिवहन विभाग को शहर में प्रदूषण फैलाने वाली निजी बसों के प्रवेश को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। मंत्री ने सराय काले खां अंतरराज्यीय बस टर्मिनल पर वायु प्रदूषण नियंत्रण उपायों के कार्यान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पाया कि अन्य राज्यों की बसें केंद्र सरकार की क्रमिक प्रतिक्रिया कार्य योजना (जीआरएपी) के तहत बीएस चार श्रेणी के डीजल वाहनों पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन कर रही हैं।

राय ने कहा, कि हमने पाया है कि अन्य राज्यों की निजी बसें प्रतिबंध का उल्लंघन कर रही हैं। परिवहन विभाग को दिल्ली में इस तरह के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए एक विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। राय ने विशेषज्ञों के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि मौसमी दशाओं में मामूली सुधार होने से थोड़ी राहत मिल सकती है। उन्होंने एजेंसियों से सतर्क रहने का आग्रह किया।

केंद्र सरकार की वायु प्रदूषण नियंत्रण योजना ‘जीआरएपी’ राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक के 450 से अधिक हो जाने पर पांच नवंबर को लागू हुई थी, जिसके तहत निर्माण कार्य और प्रदूषण फैलाने वाले ट्रकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। जीआरएपी के अंतिम चरण (चौथे चरण) के तहत राजधानी में बीएस तीन श्रेणी के पेट्रोल और बीएस चार श्रेणी के डीजल वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। वहीं, आवशय़क सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।

Exit mobile version