Site icon Dainik Savera Times

INSV Tarini ने पार किया Cape Horn, भारतीय महिला अधिकारियों ने रचा दिया इतिहास

INSV Tarini Crossed Cape Horn

INSV Tarini Crossed Cape Horn

INSV Tarini Crossed Cape Horn : INSV तारिणी ने नावीका सागर परिक्रमा II अभियान के तीसरे चरण में दक्षिण अमेरिका के दक्षिणी सिरे पर स्थित खतरनाक केप हॉर्न को सफलतापूर्वक पार कर इतिहास रच दिया। इस कठिन समुद्री यात्रा को पूरा करने वाली भारतीय नौसेना की दो अधिकारी, लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए, ने अपने नाम को समुद्री इतिहास के स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करवा लिया।

इस यात्रा के दौरान उन्हें 40 नॉट (लगभग 75 किमी/घंटा) की तेज हवाओं, पांच मीटर से ऊंची लहरों और लगातार बारिश जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। केप हॉर्न के पास स्थित ड्रेक पैसेज को दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण समुद्री धाराओं में से एक माना जाता है, जहां अप्रत्याशित मौसम, ऊंची लहरें और तेज़ हवाएं अनुभवी नाविकों की भी कठिन परीक्षा लेती हैं। यह मार्ग प्रसिद्ध अंग्रेजी खोजकर्ता सर फ्रांसिस ड्रेक के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने दक्षिण अमेरिका के दक्षिण में खुले समुद्री मार्ग की पुष्टि की थी।

खतरनाक जलधारा को पार करने के बाद दोनों अधिकारी अब सम्मानजनक “केप हॉर्नर” की उपाधि पाने वाली भारत की गिनी-चुनी महिला अधिकारियों में शामिल हो गई हैं। यह खिताब उन चुनिंदा नाविकों को दिया जाता है, जिन्होंने केप हॉर्न को नौकायन करते हुए सफलतापूर्वक पार किया हो। केप हॉर्न अंटार्कटिका से मात्र 800 किलोमीटर (432 समुद्री मील) दूर स्थित है और इसे दुनिया के सबसे दुर्गम समुद्री मार्गों में से एक माना जाता है। इस क्षेत्र में नौकायन के लिए असाधारण नेविगेशन कौशल और कठिन परिस्थितियों को सहने की अद्वितीय क्षमता की आवश्यकता होती है। INSV तारिणी का यह साहसिक सफर भारतीय नौसेना के गौरव को और ऊंचा करता है।

Exit mobile version