फतेहाबाद : पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन (आईपीएस) के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में फतेहाबाद पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। यह गिरोह चोरी की गई मोटरसाइकिलों को सुनसान स्थानों पर ले जाकर ग्राइंडर मशीन से काटता था और उनके पुर्जो को अलग-अलग बाजारों में बेच देता था, जिससे वाहनों की पहचान न हो सके और पुलिस की गिरफ्त से बचा जा सके।
गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई :-
डीएसपी (मुख्यालय एवं क्राइम) संजय कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि एवीटी स्टाफ प्रभारी उप निरीक्षक वेद के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि पांच युवक चोरी की मोटरसाइकिलों पर सवार होकर उन्हें राजस्थान में बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राजराना रोड स्थित करनौली क्षेत्र में नाकाबंदी की और पांचों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि उक्त गिरोह ने फतेहाबाद जिले सहित अन्य स्थानों से करीब 40 मोटरसाइकिलों की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। सभी आरोपियांे के खिलाफ केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी गई है।
चोरी का तरीका था सुनियोजित और तकनीकी :-
आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मोटरसाइकिलों को चोरी करने के बाद सुनसान स्थान पर ले जाकर ग्राइंडर मशीन से उन्हें बारीकी से काटते थे। इसके बाद उनके पुर्जो को अलग-अलग दुकानों में बेच दिया जाता था, जिससे वाहन की पहचान करना मुश्किल हो जाता और पुलिस उन्हें ट्रेस न कर सके। डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के नेतृत्व में फतेहाबाद पुलिस संगठित अपराध, वाहन चोरी और नशा तस्करी जैसे गंभीर अपराधों के विरुद्ध लगातार सख्त और प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें, जिससे समय रहते अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके और समाज में शांति व सुरक्षा का वातावरण बना रहे।

