Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को गति प्रदान करेगा अंतरिम बजट : योगी

February 2, 2024

विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को गति प्रदान करेगा अंतरिम बजट : योगी

नई दिल्ली: संसद में मोदी सरकार द्वारा प्रस्तुत अंतरिम बजट को सीएम योगी आदित्यनाथ ने विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को गति प्रदान करने वाला करार दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में 140 करोड़ भारतीयों की आशाओं, अपेक्षाओं और आकांक्षाओं के अनुरुप विकासोन्मुखी बजट प्रस्तुत करने के लिए सीएम योगी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद भी दिया।


सीएम योगी ने अंतरिम बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में लोकसभा में प्रस्तुत अंतरिम बजट गांव, गरीब, किसान, नौजवान व महिलाओं समेत समाज के हर वर्ग के सपनों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से लखपति दीदी योजना के लक्ष्य को 2 करोड़ से बढ़ाकर 3 करोड़ किया गया है। साथ ही, आशा बहनों को भी आयुष्मान योजना के अंतर्गत लाने का निर्णय स्वागत योग्य है।


उन्होंने कहा कि सभी के लिए आवास के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार ने ग्रामीण इलाकों में 2 करोड़ नए घर बनाने का लक्ष्य तय किया है। यह योजना गरीबों के लिए पक्के घर की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी। वहीं, तीन नए रेल कॉरिडोर बनाने का लक्ष्य और 40 हजार रेल डिब्बो को वंदे भारत में बदलने का निर्णय आने वाले वर्षों में औद्योगिकीकरण को गति प्रदान करेगा। सीएम योगी ने कहा कि बजट में रक्षा, कृषि, बुनियादी ढांचा, उद्योग, ऊर्जा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा दिया गया है। यह अंतरिम बजट नए भारत की समृद्धि का संकल्प है, इसमें अंत्योदय का विजन है और 140 करोड़ देशवासियों की सेवा का लक्ष्य है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें