Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

अदाकारा कंगना पर अभद्र पोस्ट की जांच दिल्ली पुलिस को सौंपी

March 29, 2024

अदाकारा कंगना पर अभद्र पोस्ट की जांच दिल्ली पुलिस को सौंपी

शिमला/नई दिल्ली: दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने अदाकारा और मंडी लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार कंगना रनौत के खिलाफ कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत की आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के संबंध में दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा से विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी है। राजनिवास के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सुप्रिया श्रीनेत के सोशल मीडिया अकाउंट पर रनौत के बारे में विवादास्पद टिप्पणी की गई थी। केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा ने रनौत को हिमाचल की मंडी सीट से लोकसभा उम्मीदवार बनाया है। विवाद बढ़ने के बाद श्रीनेत ने अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट से विवादास्पद टिप्पणी को हटा दिया।

उन्होंने यह दावा किया कि विवादास्पद पोस्ट उनके द्वारा नहीं, बल्कि किसी और के द्वारा की गई थी, जिनकी उनके अकाउंट तक पहुंच थी। अधिकारियों ने बताया कि भाजपा नेता बांसुरी स्वराज ने उपराज्यपाल को एक शिकायत देकर ‘महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने’ के लिए श्रीनेत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और जांच की मांग की थी। उन्होंने बताया कि उपराज्यपाल ने शिकायत पुलिस आयुक्त को भेज दी और मामले में जांच करने और जरूरी होने पर कानूनी कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस यह भी जांच करेगी कि उक्त सोशल मीडिया पोस्ट के लिए कौन जिम्मेदार था और इसके लिए किसके मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया गया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें