Site icon Dainik Savera Times

संविधान के मूल्यों को युवा पीढ़ी के संस्कारों का हिस्सा बनाना जरूरी : Rekha Gupta

नोएडा : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वोपरि है और संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा इसी बात से तय होती है कि हम जनता के जनादेश का कितना सम्मान करते हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना और राजनीतिक हितों से ऊपर राष्ट्रहित को रखना संविधान की भावना का मूल आधार है। उन्होंने यह बात गुरुवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की ऐतिहासिक पहल की थी। इसका उद्देश्य संविधान को केवल शासन व्यवस्था तक सीमित नहीं रखना, बल्कि उसके आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों को देश की युवा पीढ़ी के संस्कारों का हिस्सा बनाना है। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों और राष्ट्रीय एकता का आधार है।

रेखा गुप्ता ने संविधान निर्माताओं के योगदान को याद करते हुए भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित सभी संविधान निर्माताओं को नमन किया। उन्होंने देशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान के प्रति निष्ठा और लोकतांत्रिक मूल्यों के पालन का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है कि सभी नागरिक संविधान में निहित आदर्शों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में अपनाएं। जनता के विश्वास और जनादेश का सम्मान करना प्रत्येक लोकतांत्रिक व्यवस्था की जिम्मेदारी है।

राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना भी प्रत्येक जनप्रतिनिधि का दायित्व है। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसद बांसुरी स्वराज, दिल्ली प्रदेश भाजपा सहप्रभारी दर्शना जरदोश, महापौर प्रवेश वाही, दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति योगेश सिंह और डॉ. नरेश त्रेहन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका को रेखांकित किया गया। मुख्यमंत्री ने संविधान के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

Exit mobile version