Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

कांग्रेस से देश को बचाना, हर भाजपा कार्यकर्ता का कर्तव्य : मोदी

February 18, 2024

कांग्रेस से देश को बचाना, हर भाजपा कार्यकर्ता का कर्तव्य : मोदी

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के करोड़ों कार्यकर्ताओं को अगले सौ दिनों में हर नये मतदाता तक पहुंचने और उन्हें विकसित भारत के हमारे संकल्प से अवगत कराने का आह्वान किया और कहा कि कांग्रेस में विकास का सामर्थ्य नहीं है और वह देश को अस्थिर करने की नयी नयी साजिश रच रही है इसलिए प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का यह कर्तव्य है कि देश और देश के हर नागरिक को कांग्रेस से बचाना है। मोदी ने राजधानी के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन 2024 को संबोधित करते हुए यह आह्वान किया और कहा कि यह कांग्रेस अस्थिरता, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की जननी है और इसीलिए वह देश में अस्थिरता पैदा करने की नयी नयी साजिश रचने में लगी है।


प्रधानमंत्री ने दो दिन तक चले इस अधिवेशन के समापन अवसर पर देश भर से आये करीब 12 हजार प्रतिनिधियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा, “आज 18 फरवरी है और इस दौर में जो युवा 18 साल के हो गए हैं, वे देश के 18वें लोकसभा चुनाव में वोट करेंगे. अगले 100 दिनों में आपको हर नए मतदाता से जुड़ना है, हर लाभार्थी, हर वर्ग, हर समुदाय और हर धर्म को मानने वाले हर व्यक्ति तक पहुंचना है। हमें हर किसी का विश्वास हासिल करने की जरूरत है।”


लोकसभा चुनाव जीतने के बाद अगले पांच वर्षों में भारत के विकसित भारत की ओर एक बड़ी छलांग लगाने की बात की विवेचना करते हुए श्री मोदी ने दोहराया, “पिछले 10 वर्षों में, भारत ने अभूतपूर्व गति हासिल की है और महत्वपूर्ण लक्ष्यों को प्राप्त करने का साहस हासिल किया है। भारत आज हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है, हर नागरिक को दृढ़ संकल्प की भावना से जोड़ा है। और ये संकल्प है- विकसित भारत। हमें भारत को विकसित बनाना है और इसमें अगले 5 साल अहम भूमिका निभाएंगे। अगले 5 वर्षों में भारत को पहले से कहीं अधिक तेज गति से काम करना होगा।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें