Site icon Dainik Savera Times

सिगरेट पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ने से ITC के शेयरों में भारी गिरावट, LIC को हुआ करोड़ों का नुकसान

lic suffered loss due to fall in itc shares

lic suffered loss due to fall in itc shares

बिजनेस डेस्क: सिगरेट पर सरकार की नई एक्साइज ड्यूटी लागू होने के बाद आईटीसी (ITC) के शेयरों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली है। इसका असर सीधे तौर पर देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) के निवेश पर पड़ा है। नए साल 2026 के शुरुआती दो कारोबारी दिनों में ही ITC के शेयरों में 14 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है।

2 जनवरी को ITC का शेयर करीब 5 फीसदी टूटकर 345.25 रुपये प्रति शेयर तक पहुंच गया, जो इसका 52 हफ्तों का नया निचला स्तर है। हालांकि बाद में शेयर में थोड़ी रिकवरी देखने को मिली, लेकिन गिरावट से निवेशकों में चिंता बनी रही।

ये भी पढ़ें: 13 महीने का इंतजार खत्म: हिमाचल कांग्रेस ने घोषित किए जिला अध्यक्ष, जानें किसे मिली जिम्मेदारी

LIC की बड़ी हिस्सेदारी

जुलाई से सितंबर तिमाही (FY26) के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के अनुसार, ITC पूरी तरह पब्लिक शेयरहोल्डिंग वाली कंपनी है यानी इसमें कोई प्रमोटर या प्रमोटर ग्रुप नहीं है। ITC में सबसे बड़ी हिस्सेदारी LIC के पास है, जो 15.86 फीसदी है। इसके अलावा जनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (GIC) के पास 1.73 फीसदी और न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी के पास 1.4 फीसदी हिस्सेदारी है।

शेयरों में आई तेज गिरावट के कारण LIC को ITC में करीब 11,468 करोड़ रुपये का कागजी नुकसान हुआ है। 31 दिसंबर को ITC में LIC के निवेश की कुल कीमत लगभग 80,028 करोड़ रुपये थी, जो अब घटकर करीब 68,560 करोड़ रुपये रह गई है। दो दिनों में सरकारी बीमा कंपनियों को 13,740 करोड़ का झटका ITC के शेयरों में आई गिरावट से सिर्फ LIC ही नहीं, बल्कि GIC और न्यू इंडिया एश्योरेंस को भी नुकसान हुआ है। इन तीनों सरकारी बीमा कंपनियों के पोर्टफोलियो से दो दिनों के भीतर कुल मिलाकर करीब 13,740 करोड़ रुपये की वैल्यू कम हो गई है। हालांकि यह नुकसान फिलहाल कागजी है, क्योंकि जब तक शेयर बेचे नहीं जाते, तब तक इसे वास्तविक घाटा नहीं माना जाता।

मार्केट कैप में 72,000 करोड़ की गिरावट

2 जनवरी को ITC का शेयर करीब 4 फीसदी गिरकर 350.10 रुपये पर बंद हुआ। पिछले पांच कारोबारी दिनों में स्टॉक 13 फीसदी से ज्यादा और पिछले छह महीनों में 15 फीसदी से ज्यादा टूट चुका है। इस गिरावट के चलते कंपनी के मार्केट कैपिटलाइजेशन में दो दिनों में करीब 72,000 करोड़ रुपये की कमी आई है। फिलहाल ITC का मार्केट कैप करीब 4.38 लाख करोड़ रुपये रह गया है। वर्तमान में ITC का पी/ई रेश्यो करीब 22.59 है। शेयरों में आई तेज गिरावट के बाद निवेशक आगे की रणनीति को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं।

Video: Hotels और किराएदारों पर कड़ी नजर, नियम न माने तो होगी कार्रवाई

Exit mobile version