Site icon Dainik Savera Times

राम मंदिर ट्रस्ट में सचिव पद के लिए जगदीश आफले के नाम का प्रस्ताव

अयोध्या : अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के परियोजना प्रबंधक रहे जगदीश आफले का नाम श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के प्रथम सचिव के तौर पर नियुक्ति के लिए प्रस्तावित किया गया है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। ट्रस्ट ने 22 जुलाई को हुई अपनी बैठक में सचिव और प्रवक्ता का पद सृजित करने का फैसला किया था। सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने पुष्टि की है कि न्यास के सचिव पद के लिए जगदीश आफले का नाम प्रस्तावित किया गया है और उनकी नियुक्ति की औपचारिक घोषणा आगामी 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में की जा सकती है।

मंदिर सूत्रों के अनुसार, प्रवक्ता के पद के लिए चयन प्रक्रिया जारी है और कई नामों पर विचार किया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। सूत्रों ने बताया कि पुणे (महाराष्ट्र) के रहने वाले जगदीश आफले के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से प्रगाढ़ संबंध हैं। इलैक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटैक और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई से एमटेक की पढ़ाई करने वाले आफले ने भारत, यूरोप के कुछ देशों और अमरीका की एक कंपनी में भी काम किया, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद भारत लौट आए।

सूत्रों के अनुसार, जब अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई तो आफले संघ की ओर से परियोजना प्रबंधक के तौर पर मानद सेवा देने के लिए अयोध्या आए थे और तभी से वह अपनी पत्नी के साथ तीर्थ क्षेत्र भवन में रह रहे हैं।

Exit mobile version