Site icon Dainik Savera Times

विदेश मंत्री एस. जयशंकर मिले रूसी विदेश मंत्री लावरोव से, द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर हुई चर्चा

s jai shankar prashad

मॉस्को: विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस के अपने समकक्ष सर्गेई लावरोव के साथ द्विपक्षीय सहयोग, वैश्विक चुनौतियों और बहुपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। सरकारी समाचार एजेंसी तास ने रूसी विदेश मंत्रालय के हवाले से बताया कि दोनों विदेश मंत्रियों ने यूक्रेन, ईरान और अफगानिस्तान की मौजूदा स्थिति पर भी चर्चा की। जयशंकर ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”आज रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ व्यापक बातचीत हुई। द्विपक्षीय सहयोग, क्षेत्रीय संवदेनशील मुद्दों, वैश्विक चुनौतियों और बहुपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की।”

जयशंकर दो दिवसीय रूस यात्रा के तहत रविवार को मॉस्को पहुंचे थे। यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के 12-13 सितंबर को नयी दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स नेताओं के शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत आने की उम्मीद है।

तास की रिपोर्ट में कहा गया, ”दोनों शीर्ष राजनयिकों के बीच बातचीत अंतरराष्ट्रीय एजेंडे से जुड़े मौजूदा मुद्दों पर केंद्रित रही। विशेष रूप से, दोनों पक्षों ने अफगानिस्तान, ईरान और यूक्रेन की स्थिति को लेकर अपने दृष्टिकोण में समन्वय किया। दोनों पक्षों ने संयुक्त राष्ट्र, शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ), ब्रिक्स और जी20 के भीतर करीबी समन्वय जारी रखने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।” रिपोर्ट के अनुसार, ”मंत्रियों ने सभी स्तरों पर विश्वास पर आधारित संवाद को मजबूत करने पर सहमति जताई।”

यह बैठक इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि भारत और रूस अपने आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने तथा कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

सोमवार को जयशंकर ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी। दोनों पक्षों ने आर्थिक संबंधों पर चर्चा की, जिसमें व्यापार, ऊर्जा, उर्वरक और परमाणु सहयोग जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया।

जयशंकर ने मॉस्को में रूस के उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव के साथ व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग पर भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग (आईआरआईजीसी) की बैठक की सह-अध्यक्षता भी की।

Exit mobile version