Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू-कश्मीर में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी, जैश के कई आतंकी फंसे; एक जवान बलिदान और 7 घायल

January 19, 2026

जम्मू-कश्मीर में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी, जैश के कई आतंकी फंसे; एक जवान बलिदान और 7 घायल

जम्मू-कश्मीर। किश्तवाड़ जिले के सिंहपोरा इलाके में रविवार को सुरक्षाबलों और पाकिस्तान समर्थित आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों तरफ से काफी देर तक गोलीबारी होती रही। दोनों तरफ से हुई भारी गोलीबारी एक जवान बलिदान हो गया तो वहीं सात जवान घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं, दूसरी तरफ सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर लिया है।। अधिकारियों के अनुसार, यह ऑपरेशन रविवार को किश्तवाड़ जिले के चतरू बेल्ट में मंदराल-सिंहपोरा के पास सोनार गांव में शुरू किया गया था। सुरक्षाबलों को इस इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया।

रात में रोका गया सर्च ऑपरेशन
अधिकारियों ने बताया कि रविवार देर रात घना जंगल और खड़ी पहाड़ियां होने के कारण ऑपरेशन को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। अंधेरा होने से देखने में दिक्कत हो रही थी और जवानों की आवाजाही भी मुश्किल हो गई थी, इसलिए सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात में सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया।

 

सोमवार सुबह फिर शुरू हुआ तलाशी अभियान
रात भर के अंतराल के बाद, सोमवार सुबह दिन की पहली रोशनी के साथ सुरक्षाबलों ने एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, ऊपरी इलाकों में आतंकियों के छिपे होने की आशंका है।

 

सुरक्षाबलों ने इलाके को चारों तरफ से घेरा
इस ऑपरेशन में ड्रोन, स्निफर डॉग्स और कई विशेष टीमों को लगाया गया है। पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया गया है, ताकि कोई भी आतंकी वहां से भाग न सके। सुरक्षाबल हर संभावित जगह की बारीकी से तलाशी ले रहे हैं।

 

जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकी फंसे होने की आशंका
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े 2 से 3 आतंकियों के इस इलाके में फंसे होने की संभावना है। हालांकि, ताजा जानकारी मिलने तक आतंकियों के साथ कोई नया संपर्क या गोलीबारी नहीं हुई है।

 

ऑपरेशन अभी भी जारी
अधिकारियों के अनुसार, सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और सुरक्षाबल पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रहे हैं। इलाके की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें