Site icon Dainik Savera Times | Hindi News Portal

जम्मू में पाकिस्तानी रेंजर्स की फायरिंग में बीएसएफ के जवान समेत दो घायल

जम्मूः जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी रेंजरों की ओर से बिना उकसावे के की गई गोलीबारी के कारण सीमा सुरक्षा बल (BSF) का एक जवान और एक महिला घायल हो गयी, जबकि सीमा पर रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए। बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को कहा कि 26-27 अक्टूबर की मध्यरात्रि के दौरान, पाकिस्तान रेंजर्स ने अरनिया इलाके में अकारण गोलीबारी की जिसका बीएसएफ जवानों ने माकूल जवाब दिया। उन्होंने कहा,‘‘पाकिस्तानी रेंजर्स ने मोर्टार से गोलाबारी की, जिसका बीएसएफ कर्मियों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।’’ उन्होंने बताया कि रुक-रुक कर गोलीबारी तड़के तीन बजे तक जारी रही। प्रवक्ता ने कहा,‘‘गोलीबारी में बीएसएफ के एक जवान को मामूली चोटें आईं जिसे तुरंत ही चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।’’

घायल महिला को भी इलाज के लिए जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोलीबारी का शिकार होने से बचने और आश्रय लेने के लिए सीमावर्ती निवासी मवेशियों के साथ सुरक्षित स्थानों पर चले गए। उन्होंने दावा किया कि सीमा पार से गोलीबारी में कुछ मवेशियों को भी चोटें आईं। इस बीच राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी पाकिस्तान रेंजर्स की ओर से बिना उकसावे के की गई गोलीबारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पिछले 10 दिनों में पाकिस्तान की तरफ से संघर्ष विराम उल्लंघन की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 17 अक्टूबर को भी पाकिस्तानी रेंजर्स ने अरनिया सेक्टर में बिना वजह गोलीबारी की थी। इस घटना में बीएसएफ के दो जवान घायल हो गए थे।

Exit mobile version