
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की वॉलंटियर्स मीट को लेकर पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दीपके का दावा है कि दिल्ली में पार्टी की बैठक के लिए हॉल बुक करने में उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि कई हॉल मालिकों ने दबाव का हवाला देते हुए CJP को जगह देने से इनकार कर दिया।
दीपके के मुताबिक, काफी कोशिशों के बाद पार्टी ने एक हॉल बुक किया और इसके लिए भुगतान की रसीद भी उनके पास थी। लेकिन उनका आरोप है कि मंगलवार सुबह हॉल मालिकों को धमकी दी गई कि अगर वहां CJP की बैठक होने दी गई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दीपके ने दावा किया कि यह दबाव बीजेपी की ओर से बनाया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों को लेकर बीजेपी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
#WATCH | Delhi | Cockroach Janta Party (CJP) Founder Abhijeet Dipke says, “Many people were commenting on Instagram when Season 2 of ‘Jantar-Mantar’ will begin. I want to tell them that Season 2 of ‘Jantar-Mantar’ is going to start very soon.” pic.twitter.com/v5dkaQcPtv
— ANI (@ANI) August 12, 2026
मीडिया से बातचीत के दौरान अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर लोगों की ओर से पूछे जा रहे सवालों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम पर कई लोग उनसे पूछ रहे हैं कि ‘जंतर-मंतर’ का सीजन-2 कब शुरू होगा। दीपके ने कहा कि वह लोगों को बताना चाहते हैं कि ‘जंतर-मंतर का सीजन-2’ बहुत जल्द शुरू होने जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की कथित परेशानियों से पार्टी और उसके कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं।
अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि CJP की बैठक को रोकने की कोशिश यह दिखाती है कि बीजेपी देश के युवाओं से डर रही है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को लगता है कि इस तरह की छोटी-मोटी परेशानियों से CJP डर जाएगी, तो यह उसकी गलतफहमी है। पार्टी की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। बीजेपी की तरफ से भी फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...