Site icon Dainik Savera Times

बड़े आपराधिक मामलों के गवाहों को सुरक्षा देगी Jaunpur पुलिस

जौनपुर: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में विधायक राजू पाल हत्याकांड के प्रमुख गवाह उमेश पाल एडवोकेट समेत दो लोगों की हत्या के बाद जौनपुर पुलिस ने महत्वपूर्ण गवाहों को अदालत परिसर और परिसर के बाहर सुरक्षा प्रदान करने का निर्णय लिया है। पुलिस अधीक्षक डॉ अजयपाल शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि गंभीर प्रकृति के संगीन और महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों से जुड़े हुए गवाहों की अदालतों में गवाही के दौरान पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इस सिलसिले में सभी थाना प्रभारियों से महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों के गवाहों का डाटा संकलित किया जा रहा है। पुलिस गवाहों को सुरक्षा प्रदान करके अदालती मामलों को मजबूत करेगी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हत्या, लूट, बलात्कार और डकैती जैसे बड़े आपराधिक मामलों में गवाहों को अदालत परिसर और अदालत परिसर के बाहर सुरक्षा प्रदान करने के लिए पुलिस को निर्देशित किया गया है, ताकि गंभीर प्रकृति के आपराधिक मामलों में आरोपितों द्वारा गवाहों को डराया और धमकाया न जा सके। उन्होंने कहा कि इससे गवाह निडर होकर स्वतंत्र रुप से गवाही करेंगे और आरोपियों को सजा दिलाई जा सकेगी।

Exit mobile version