Site icon Dainik Savera Times

बिहार में बेखौफ बदमाश! बेगूसराय में घर में घुसकर जदयू नेता की गोली मारकर हत्या

encounter-police-firing-at-gunpoint

encounter-police-firing-at-gunpoint

नेशनल डेस्क। बिहार के बेगूसराय जिले के छौड़ाही थाना क्षेत्र के बेखौफ अपराधियों ने घर में घुसकर सोए हुए निलेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष थे। घटना के कारणों की सही जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, पुलिस प्रथम दृष्टया इसे पुराना विवाद बताकर मामले की जांच में जुट गई है।

बताया जाता है कि मंगलवार की रात छौड़ाही थाना अंतर्गत पीर नगर गांव निवासी निलेश कुमार घर में सोए हुए थे, तभी तीन बाइक पर सवार होकर आए छह से सात अपराधियों ने बिना कुछ बोले सोए अवस्था में ही ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। नीलेश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इधर, गोली की आवाज सुनकर गांव और घर के लोग जब घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े, तब तक अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो चुके थे। मृतक के परिजनों के मुताबिक, नीलेश रोज घर के पास ही बथान (पालतू पशुओं के रहने की जगह) में सोते थे। घटना के समय आसपास कोई विवाद नहीं था।

पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया है, जो बारीकी से सबूत जुटा रही है। उन्होंने बताया कि हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, लेकिन गांव के ही कुछ लोगों से पुराने जमीन विवाद की बात सामने आई है। जमीन विवाद को लेकर मामला भी दर्ज हुआ था।

इस बीच, पुलिस ने दावा किया है कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर, घटना को लेकर कई तरह की चर्चा भी है।

Exit mobile version