Jharkhand student protest: झारखंड में JPSC और JSCC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन जारी है। रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में बड़ी संख्या में छात्र डटे हुए हैं। सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच तीन दौर की बातचीत के बावजूद कई अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद आंदोलनकारी छात्रों ने सोमवार यानी आज झारखंड विधानसभा के घेराव का ऐलान किया है।
छात्रों का मार्च सुबह 10 बजे शुरू होने की बात कही गई है। प्रस्तावित विधानसभा मार्च को देखते हुए रांची में पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। विधानसभा के आसपास कंटीले तारों के साथ बैरिकेडिंग की गई है।
जिलों से रांची पहुंच रहे अभ्यर्थी
आंदोलन में शामिल होने के लिए रविवार सुबह से ही झारखंड के अलग-अलग जिलों से छात्र रांची पहुंच रहे हैं। अभ्यर्थियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। भीड़ बढ़ने के कारण प्रदर्शन के लिए लगाया गया पंडाल भी छोटा पड़ गया है। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें- Today weather 10 Aug 2026: देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर से दक्षिण तक होगी झमाझम बरसात
देवेंद्र नाथ महतो बोले- अनशन नहीं होगा खत्म
आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल देवेंद्र नाथ महतो ने भूख हड़ताल खत्म करने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि वह मांगें पूरी होने तक अनशन जारी रखेंगे। हालांकि, सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत को उन्होंने सकारात्मक बताया।
मंत्रियों ने जाना हाल
सरकार की हाई लेवल कमिटी में शामिल चार मंत्रियों ने वीडियो कॉल के जरिए देवेंद्र नाथ महतो से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और भूख हड़ताल खत्म करने का आग्रह किया।
पांच घंटे से ज्यादा चली तीसरे दौर की बैठक
रविवार को पांच घंटे से अधिक समय तक चली सरकार और छात्रों के बीच तीसरे दौर की वार्ता में सरकार की ओर से आंदोलन खत्म कराने के लिए छात्रों की कई मांगों पर सहमति जताने की कोशिश की गई। सरकार 14वीं JPSC परीक्षा को रद्द करने और पूरे मामले की जांच कराने पर तैयार दिखाई दी। इसके अलावा छात्रों की कुछ अन्य मांगों पर भी सहमति बनी।
CBI जांच पर अटकी बात
CBI जांच समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी और इन्हीं बिंदुओं को लेकर मामला अटक गया।
ये भी पढ़ें- Today’s horoscope 10 Aug 2026: क्या कह रहे हैं आज आपके सितारे? पढ़ें 12 राशियों के लिए शुभ-अशुभ संकेत
विधानसभा के आसपास सुरक्षा का कड़ा घेरा
विधानसभा मार्च को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) मनोज कौशिक ने कहा कि प्रस्तावित मार्च के दौरान किसी तरह की अशांति की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
प्रशासन की उग्र प्रदर्शन से बचने की अपील
उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से मार्च में शामिल होने की अपील की। एडीजी के मुताबिक, पिछले दो सप्ताह से अधिक समय से चल रहे आंदोलन में छात्रों ने अब तक अनुशासन बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों की जिम्मेदारी है कि असामाजिक तत्वों और उपद्रव करने वालों को मार्च में शामिल होने से रोका जाए।
जमशेदपुर में भी निषेधाज्ञा लागू
आंदोलन के बीच जमशेदपुर में रविवार आधी रात से निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।