Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

बाबूलाल मरांडी को झारखंड में भाजपा विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया 

March 6, 2025

बाबूलाल मरांडी को झारखंड में भाजपा विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया 
रांची। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बृहस्पतिवार को धनवार क्षेत्र से विधायक बाबूलाल मरांडी को झारखंड विधानसभा में पार्टी विधायक दल का नेता नियुक्त किया। यहां एक बैठक के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मरांडी को सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया। भाजपा ने झारखंड में विधायक दल के नेता के चयन के लिए बुधवार को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और पार्टी के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चे के अध्यक्ष के. लक्ष्मण को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था।
यादव ने कहा कि नवीन जायसवाल, नीरा यादव, राज सिन्हा और प्रकाश राम जैसे वरिष्ठ विधायकों ने बैठक के दौरान विधायक दल के नेता के रूप में मरांडी के नाम का प्रस्ताव रखा और इसे सभी ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्य विधानसभा में मरांडी के नेतृत्व में विधायक झारखंड और यहां की जनता की भलाई के लिए काम करेंगे।’’ झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी ने उन्हें दी गई जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा का आभार जताया।
मरांडी ने कहा, ‘‘मैं संगठन को मजबूत करने के लिए पूरे समर्पण के साथ काम करूंगा और विधानसभा के अंदर और बाहर सभी को एक साथ लेकर चलने का हर संभव प्रयास करूंगा।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष ने पिछली विधानसभा में विपक्ष के नेता के नाम की सिफारिश पार्टी द्वारा किए जाने के बावजूद जानबूझकर देरी की थी। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हमारे विधायक विधानसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह सरकार से लड़ते रहे।’’ मरांडी ने कहा कि वह राज्य और यहां की जनता के हितों के लिए लड़ाई जारी रखेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें