Site icon Dainik Savera Times

रांची में तेज रफ्तार थार ने मचाया कहर, 6 लोगों को कुचला, जांच में जुटी पुलिस

Thar car Accident

Thar car Accident

नेशनल डेस्क। रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां, तेज रफ्तार और बेकाबू थार (SUV) ने सड़क किनारे खड़े छह लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में 40 साल के धर्मेंद्र कुमार की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साउथ रेलवे कॉलोनी के दुर्गा मंदिर के पास एक गृह प्रवेश का कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद कुछ लोग खाना खाकर बाहर निकले और सड़क किनारे खड़े होकर आपस में बात कर रहे थे। उसी दौरान रेलवे स्टेशन की तरफ से एक थार गाड़ी बहुत तेज रफ्तार में आई। गाड़ी अचानक बेकाबू हो गई और सीधे वहां खड़े लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला।

घायलों में कौन–कौन शामिल?
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मदद की और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है

-अन्नपूर्णा नायडू (50) – रेलवे में टीटी

-कुणाल नायडू (26) – अन्नपूर्णा के बेटे

-संदीप महतो (40)

-अमित सिंह (35)

-प्रशांत गौरव

अन्नपूर्णा नायडू और उनके बेटे कुणाल का इलाज राज अस्पताल में चल रहा है। प्रशांत गौरव को गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

इलाज के दौरान धर्मेंद्र कुमार की मौत
गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र कुमार (40) को भी अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स (RIMS) भेजा गया है। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र कुमार एक निजी कंपनी में काम करते थे, जो मोबाइल टावर लगाने का काम करती है।

फरार चालक की पुलिस कर रही तलाश
हादसे के बाद थार चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने चालक की पहचान कर ली है और उसे पकड़ने के लिए देर रात से ही छापेमारी शुरू कर दी गई है।शुरुआती जांच में पता चला है कि हादसे के बाद गाड़ी डोरंडा की ओर भागी थी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
चुटिया थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है। इन इलाकों के कैमरे खंगाले जा रहे हैं। स्टेशन रोड, नेपाल हाउस के आसपास, अन्य मुख्य सड़कें इसके अलावा शहर के कई इलाकों में वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।

कॉलोनी में शोक और गुस्सा
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। लोग गुस्से में भी हैं क्योंकि तेज रफ्तार गाड़ियों की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी रांची में एक तेज रफ्तार एसयूवी ने कई लोगों को टक्कर मारी थी। उस समय पुलिस ने गाड़ी रोकने की कोशिश की तो चालक ने पुलिसकर्मियों को ही कुचलने की कोशिश की। आखिरकार पुलिस को गाड़ी पर फायरिंग करनी पड़ी, तब जाकर ड्राइवर को पकड़ा जा सका।

बढ़ती तेज रफ्तार गाड़ियों से खतरा
लगातार हो रहे ऐसे हादसे शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर बड़े सवाल खड़े कर रहे हैं। लोग मांग कर रहे हैं कि पुलिस सख्त कार्रवाई करे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

 

Exit mobile version