नई दिल्ली: सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ के रिटायर होने के बाद जस्टिस संजीव खन्ना भारत के 51वें चीफ जस्टिस होंगे। वे 11 नवंबर को भारत के चीफ जस्टिस के तौर पर शपथ लेंगे। हालांकि, सीजेआई बनने से पहले ही खन्ना ने मॉर्निंग वॉक करना बंद कर दिया है।
जस्टिस खन्ना हर सुबह दिल्ली के लोधी गार्डन इलाके और अपने घर के आसपास कई किलोमीटर अकेले टहलते थे, क्योंकि उन्हें लगता था कि कोई उन्हें पहचान नहीं पाएगा।
अब जब उन्हें सीजेआई के तौर पर शपथ लेनी है, तो जस्टिस खन्ना को सुरक्षाकर्मियों के साथ मॉर्निंग वॉक पर जाने की सलाह दी गई है। हालांकि, उन्होंने सुरक्षाकर्मियों के साथ जाने से इनकार कर दिया और कहा कि उन्हें इसकी आदत नहीं है। इसके बजाय, उन्होंने मॉर्निंग वॉक पर न जाने का फैसला किया है।
सीजेआई चंद्रचूड़ 10 नवंबर, 2024 को रिटायर होंगे। इससे पहले, 8 नवंबर सुप्रीम कोर्ट में उनका आखिरी कार्य दिवस था। सीजेआई चंद्रचूड़ को विदाई देने के लिए एक औपचारिक पीठ बैठी। वहीं, शाम को विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
चंद्रचूड़ ने खुद संजीव खन्ना के नाम की सिफारिश सरकार से की है। परंपरा है कि मौजूदा सीजेआई अपने उत्तराधिकारी की सिफारिश तभी करते हैं, जब कानून मंत्रालय इसके लिए अनुरोध करता है।
सीजेआई चंद्रचूड़ के बाद वरिष्ठता सूची में जस्टिस संजीव खन्ना का नाम है, इसलिए जस्टिस खन्ना का नाम आगे किया गया है। हालांकि, उनका कार्यकाल सिर्फ 6 महीने का होगा। 64 वर्षीय जस्टिस खन्ना 13 मई 2025 को सेवानिवृत्त होंगे। सुप्रीम कोर्ट के जज के तौर पर जस्टिस खन्ना ने 65 फैसले लिखे हैं। इस दौरान वे करीब 275 बेंच का हिस्सा रहे हैं।

