Last Updated: November 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

जन्म देने वाली मां को कलयुगी बेटे ने उतारा मौत के घाट

June 9, 2024

जन्म देने वाली मां को कलयुगी बेटे ने उतारा मौत के घाट

कुरुक्षेत्र/शाहाबाद: शनिवार को हुडा स्थित कोठी नंबर-403 में एक महिला का शव मिला है। जन्म देने वाली इस मां को कलयुगी बेटे ने मौत के घाट उतार दिया है। हत्यारे बेटे ने 2 दिन पहले इस वारदात को अंजाम दिया और उसके बाद शव को कमरे में रखे बेड के ऊपर ही सड़ने के लिए छोड़ दिया। 2 दिन बीत जाने के बाद जब महिला के शव से दुर्गन्ध पड़ोसियों के घरों तक पहुंची, तो एक पड़ोसी ने शनिवार को सूचना डायल-112 को दी। उसके बाद वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर और आरोपी बेटे को गिरफ्तार करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक शाहाबाद हुडा सैक्टर-1 की कोठी नंबर 403 के ग्राउंड फ्लोर पर करीब 65 साल की कृष्णा देवी अपने अविवाहित पुत्र मोहित अग्रवाल के साथ रहती थी, जबकि घर की पहली मंजिल पर कृष्णा देवी का बड़ा पुत्र रोहित अग्रवाल अपने परिवार के साथ रहता है। घर के साथ रहने वाले पड़ोसियों को शुक्रवार रात से इस घर से शव सड़ने की दुर्गन्ध महसूस हो रही थी। चूंकि बड़े बेटे रोहित अग्रवाल और उसके परिवार की नीचे रहने वाली मा कृष्णा देवी और भाई मोहित अग्रवाल से बोलचाल बंद है, इसलिए उन्होंने भी नीचे जाकर और कमरों को खोल कर नहीं देखा। शनिवार सुबह सभी पड़ोसियों ने रोहित अग्रवाल के साथ सूचना डायल -112 को दी। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ पड़ोसियों ने जब ग्राउंड फ्लोर पर एक कमरे को खोला, तो अंदर बैड पर कृष्णा देवी का शव पड़ा था।

थाना प्रभारी ललित कुमार मौके पर पहुंचे और बताया कि मोहित अग्रवाल ने 6 जून को अपनी माता कृष्णा देवी की हत्या पीट-पीट कर दी थी और शव कमरे में बंद कर दिया था। शव से दुगर्ंध उठने के बाद हत्या का मामला सामने आया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की सूचना आलाधिकारियों को दे दी गई है और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर तथ्य जुटा लिए हैं। इसके अलावा शव के आस-पास रखे कपड़ों आदि को कब्जे में लिया गया है। पड़ोसियों से मिली जानकारी के मुताबिक हत्या का कारण जायदाद को लेकर परिवार के बीच चल रहे कलह को माना जा रहा है। पुलिस ने मौके से हत्यारे मोहित अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें