Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Delhi: गहरे गड्ढे में गिरने से 25 वर्षीय कमल की मौत, जल बोर्ड के तीन अधिकारी निलंबित

February 6, 2026

Delhi: गहरे गड्ढे में गिरने से 25 वर्षीय कमल की मौत, जल बोर्ड के तीन अधिकारी निलंबित

नेशनल डेस्क: दिल्ली के जनकपुरी इलाके में जल बोर्ड द्वारा खोदे गए एक गहरे गड्ढे में गिरने से 25 वर्षीय कमल चंदानी की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली जल बोर्ड के एक्सईएन, एई और जेई को निलंबित कर दिया है। मामले ने लापरवाही और प्रशासनिक जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की है, जब कमल अपने ऑफिस से घर लौट रहा था। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिवार पूरी रात अलग-अलग पुलिस थानों के चक्कर लगाता रहा, लेकिन उन्हें कोई ठोस मदद नहीं मिली।

परिजनों का आरोप है कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां जल बोर्ड का खुला और बिना सुरक्षा के गड्ढा मौजूद था। उनका कहना है कि इसी गड्ढे में कमल की गाड़ी गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक के भाई ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने सिर्फ उनके भाई की आखिरी लोकेशन बताई, लेकिन उसे ढूंढने में कोई सक्रिय मदद नहीं की। उन्होंने बताया कि वे खुद रात करीब 1:30 बजे गड्ढे में उतरकर तलाश करते रहे, लेकिन उस समय कमल वहां नहीं मिला।

परिवार का कहना है कि उन्होंने कम से कम छह पुलिस स्टेशनों में जाकर मदद मांगी, लेकिन कहीं से कोई सहयोग नहीं मिला। अगले दिन सुबह जब उन्होंने कमल के फोन नंबर पर दोबारा कॉल किया, तो पुलिस ने फोन उठाकर बताया कि उसका शव गड्ढे से बरामद कर लिया गया है। परिजनों का दावा है कि अगर पुलिस समय पर कार्रवाई करती, तो कमल की जान बचाई जा सकती थी।

इस घटना ने लोगों को हाल ही में नोएडा में युवराज की मौत की घटना की याद दिला दी है, जहां इसी तरह की लापरवाही सामने आई थी। हादसे के बाद जब मौके पर मंत्री प्रवेश वर्मा निरीक्षण के लिए पहुंचे, तो गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों पर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं होती। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसे के लिए कौन-कौन जिम्मेदार है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें