नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर में लग्जरी लैंबॉर्गिनी कार से कई लोगों को टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। शुरुआत में इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया था, लेकिन घायलों और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद पुलिस ने एफआईआर में शिवम मिश्रा का नाम शामिल किया।
यह हादसा 8 फरवरी को वीआईपी रोड स्थित रेव थ्री मॉल के पास हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी कार ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद बुलेट बाइक पर सवार तीन लोगों को भी जोरदार टक्कर लगी, जिससे वे घायल हो गए। कार आगे बढ़ते हुए एक बिजली के खंभे से टकराकर रुकी। इस दौरान एक राहगीर भी चोटिल हुआ। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना के बाद आरोपी पक्ष की ओर से दावा किया जा रहा था कि कार शिवम मिश्रा नहीं, बल्कि उसका ड्राइवर चला रहा था। एक दिन पहले ड्राइवर मीडिया के सामने आया और उसने कहा कि हादसे के समय वही गाड़ी चला रहा था। हालांकि पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि घटना के समय कार की ड्राइविंग सीट पर शिवम मिश्रा ही मौजूद था। कुछ वायरल वीडियो में भी उसे ड्राइविंग सीट से बाहर निकलते देखा गया।
शिवम के पिता केके मिश्रा ने पहले कहा था कि उनका बेटा दिल्ली में इलाज करा रहा है, क्योंकि उसकी तबीयत ठीक नहीं है। लेकिन पुलिस की जांच में पता चला कि शिवम कानपुर में ही छिपा हुआ था। हादसे के चार दिन बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीद गवाहों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि गाड़ी शिवम मिश्रा चला रहा था। पुलिस अब मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...