करनाल। मॉडल टाउन क्षेत्र की सैनी कॉलोनी में एक युवक का शव किराये के कमरे में फंदे पर मिला। मृतक की पहचान रोहित कुमार (25) निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। मृतक करनाल कोर्ट में काम करता था।
प्रारंभिक जांच में मामला लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा नजर आ रहा है। परिजनों ने एक महिला पर रोहित को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। रोहित कुमार पिछले कुछ समय से सैनी कॉलोनी में रह रहा था। शनिवार शाम पड़ोसियों ने कमरे में फंदे से लटका शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। मृतक के कमरे, मोबाइल और व्यक्तिगत सामान की भी जांच की।
मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। अब पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है। रोहित कुमार अविवाहित था और करनाल कोर्ट में कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। नौकरी के चलते वह करनाल में अकेला रह रहा था, जबकि उसका परिवार चंडीगढ़ में है। परिजन करनाल के लिए रवाना हो गए। जांच के दौरान यह सामने आया कि रोहित एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह चुका था। परिजनों का आरोप है कि उक्त महिला ने रोहित को अपने प्रभाव में ले रखा था।
परिजनों के अनुसार महिला का रोहित से परिचय चंडीगढ़ में एक समारोह में हुआ था। बाद में दोनों के बीच संपर्क बढ़ता गया और महिला कुछ समय तक रोहित के साथ रही। परिजनों ने आरोप लगाया है कि संबंधित महिला पहले से विवाहित है और तीन बच्चों की मां है। उनका कहना है कि महिला स्वयं को रोहित की पत्नी बताती थी, जबकि दोनों का विवाह नहीं हुआ था। परिजनों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से महिला और रोहित के बीच संबंधों को लेकर तनाव चल रहा था।
परिजनों के अनुसार 5 जून की रात को भी रोहित और महिला के बीच फोन पर बातचीत हुई थी, जो बाद में विवाद में बन गई। उनका दावा है कि बातचीत के दौरान रोहित ने महिला को करनाल बुलाकर आमने-सामने बातचीत करने की बात कही थी। परिजनों का यह भी आरोप है कि रोहित ने उस दौरान आत्महत्या करने जैसी बात कही थी, लेकिन महिला करनाल नहीं आई। इसके बाद रोहित मानसिक तनाव में आ गया। मॉडल टाउन थाना पुलिस से जांच अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...