नेशनल डेस्कः कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर काफी समय से मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उनके डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के बीच खींचतान की अटकलें चल रही हैं। हालांकि, मंगलवार को कांग्रेस आलाकमान ने इन सभी अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया।
नई दिल्ली में हुई कांग्रेस की हाई-लेवल बैठक के बाद वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बैठक का मुख्य एजेंडा राज्यसभा और कर्नाटक विधान परिषद चुनावों को लेकर चर्चा करना था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर किसी तरह की चर्चा नहीं हुई है। इससे पहले कर्नाटक के प्रभारी कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला भी कह चुके हैं कि यह बैठक राज्यसभा की चार सीटों के चुनाव की रणनीति तय करने के लिए बुलाई गई थी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और रणदीप सुरजेवाला भी शामिल हुए।
बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने एक बार फिर यह संदेश देने की कोशिश की कि कर्नाटक सरकार में सब कुछ सामान्य है और पार्टी नेतृत्व पूरी तरह एकजुट है।

