Site icon Dainik Savera Times

कर्नाटक की राज्यपाल डॉ. सुधा यादव का ससुराल गांव धामलावास में हुआ भव्य स्वागत

चंडीगढ़ : कर्नाटक की नवनियुक्त राज्यपाल डा. सुधा यादव रविवार को राज्यपाल बनने के बाद पहली बार अपने ससुराल गांव धामलावास (रेवाड़ी) पहुंचीं। गांव आगमन पर क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल डॉ. सुधा यादव ने हरियाणा दिवस और कर्नाटक राज्योत्सव (स्थापना दिवस) की सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह एक सुखद और अद्भुत संयोग है कि आज ही के दिन उनके गृह राज्य हरियाणा और कर्म राज्य कर्नाटक दोनों का स्थापना दिवस है।

उन्होंने दोनों प्रांतों की निरंतर प्रगति और नागरिकों की खुशहाली की कामना की। इस दौरान राज्यपाल ने अपने पति एवं प्रथम कारगिल शहीद डिप्टी कमांडेंट सुखबीर सिंह यादव के समाधि स्थल पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ग्रामीणों के स्नेह और सहयोग को अपनी असली ताकत बताया। जिला प्रशासन की ओर से राज्यपाल के आगमन पर उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ भी दिया गया।

राज्यपाल ने 26 मई 1999 के उस घटनाक्रम को याद किया, जिसने उनके जीवन की दिशा बदल दी थी। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी रही हों, लेकिन क्षेत्र के लोगों ने हमेशा मेरा भरपूर साथ दिया है। एक अध्यापिका से लेकर राज्यपाल के इस सफर में सभी का सहयोग, आशीर्वाद और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी रही है। डॉ. सुधा यादव ने देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह कर्नाटक के राज्यपाल के रूप में अपने संवैधानिक कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ पालन करेंगी।

उन्होंने हरियाणा और विशेषकर क्षेत्रवासियों को कर्नाटक आने का आमंत्रण भी दिया, ताकि लोग वहां की समृद्ध शिक्षा व्यवस्था, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू हो सकें। इस अवसर पर डीसी अभिषेक मीणा, एसपी हेमेंद्र मीणा, एसडीएम दलबीर सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक सिद्धार्थ यादव, वीर कुमार यादव, निशांत यादव, गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे |

Exit mobile version