Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

कर्नाटक: बेंगलुरु में निजी परिवहन चालकों के बंद के आह्वान के बाद शहर में सुरक्षा बढ़ाई गई

September 11, 2023

कर्नाटक: बेंगलुरु में निजी परिवहन चालकों के बंद के आह्वान के बाद शहर में सुरक्षा बढ़ाई गई

बेंगलुरु: कर्नाटक राज्य निजी परिवहन संघों के महासंघ द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को एक दिवसीय बंद के आह्वान के मद्देनजर शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा पुलिस ने किसी भी तरह की अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। महासंघ के अधिकारियों ने कहा कि बंद के कारण ऑटो, टैक्सी, मैक्सी कैब, मालवाहक वाहन और कॉर्पोरेट बसों सहित लाखों निजी वाहन सड़कों पर नहीं उतरेंगे।

महासंघ में कुल 32 निजी परिवहन संघ शामिल हैं, और ज्यादातर निजी परिवहन सेवाएं सोमवार आधी रात तक उपलब्ध होने की संभावना नहीं है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि चूंकि निजी मैक्सी कैब कई स्कूली बच्चों के लिए परिवहन के मुख्य साधनों में से एक है, इसलिए शहर के कुछ स्कूलों ने छात्रों को असुविधा से बचने के लिए आज छुट्टी घोषित कर दी है। सूत्रों के मुताबिक बंद के कारण हवाई अड्डे तक आने-जाने वालों को वैकल्पिक साधन भी ढूंढने होंगे। बेंगलुरु एयरपोर्ट अथॉरिटी ने भी यात्रियों को बंद के मद्देनजर समय पर एयरपोर्ट पहुंचने के लिए जरूरी इंतजाम करने की सलाह दी है।

निजी ट्रांसपोर्टरों ने दावा किया है कि शक्ति योजना से उन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है और राज्य सरकार ने बार-बार चर्चा के बावजूद उनकी मांगों को पूरा नहीं किया है। बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर बी. दयानंद ने पीटीआई-भाषा से कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिये एहतियान पूरे शहर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किये गये हैं। उन्होंने कहा, वरिष्ठ अधिकारियों सहित हमारे सभी अधिकारी गश्त पर हैं और हमने सभी रणनीतिक स्थानों पर पर्याप्त संख्या में ट्रैंिकग बलों का भी उपयोग किया है। हमने उन संगठनों से भी बात की है जो हड़ताल में शामिल हो रहे हैं। वे फ्रीडम पार्क में एकत्र होंगे जहां विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

बंद के कारण जनता को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (बीएमटीसी) आज शहर और केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक ज्यादा बसें चलाएगा। परिवहन मंत्री रामंलिगा रेड्डी ने हाल ही में कहा था कि सरकार महासंघ के साथ बातचीत के लिए तैयार है और यह सुनिश्चित करने के लिए तैयारी भी कर रही है कि जनता को कम से कम असुविधा हो। इस बीच, बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने एक परामर्श जारी कर यात्रियों को बंद के कारण टैक्सियों, मैक्सी कैब, निजी बसों और ऑटो रिक्शा के संचालन में संभावित व्यवधान के बारे में सचेत किया है। इसमें कहा गया है, टैक्सी, मैक्सी कैब, निजी बसों और ऑटो रिक्शा के संचालन में व्यवधान हो सकता है। इसलिए, सभी लोगों को वैकल्पिक सड़कों का उपयोग करने और तदनुसार अपनी यात्र की योजना बनाने की सलाह दी जाती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें