नेशनल डेस्क। कर्नाटक के धारवाड़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां, एक पिता ने अपनी ही गर्भवती बेटी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वजह सिर्फ इतनी थी कि बेटी ने दूसरी जाति में शादी कर ली थी। यह घटना हुब्बली ग्रामीण क्षेत्र के इनाम वीरापुरा गांव की है। रविवार शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच यह खौफनाक वारदात हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती का परिवार उसके अंतरजातीय विवाह से नाराज था।
पिता ने बेटी और ससुराल पक्ष पर किया हमला
मृतका की पहचान मान्या पाटिल के रूप में हुई है। आरोप है कि मान्या के पिता ने लोहे की पाइप और रॉड से अपनी बेटी पर बेरहमी से हमला किया। जब मान्या के सास-ससुर — रेनुकम्मा और सुभाष-बीच-बचाव करने आए, तो उन पर भी हमला कर दिया गया।
इलाज के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया
हमले में गंभीर रूप से घायल मान्या को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने रात करीब 9:30 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। मान्या गर्भवती थी, जिससे इस घटना की क्रूरता और भी ज्यादा बढ़ जाती है।
देखें वीडियोः इंश्योरेंस लालच में पिता को सांप से काटवाया, 3 करोड़ का मामला
पिछले साल हुआ था प्रेम विवाह
मान्या ने विवेकानंद नामक युवक से पिछले साल प्रेम विवाह किया था। यह शादी अंतरजातीय थी, जिससे मान्या का परिवार बेहद नाराज था। शादी के बाद भी पिता ने दोनों पर हमला करने की कोशिश की थी।
सुरक्षा कारणों से कई महीने दूसरे जिले में रहे दंपति
परिवार से खतरे को देखते हुए मान्या और विवेकानंद कुछ महीनों तक हावेरी जिले में रह रहे थे। बाद में स्थानीय प्रशासन ने दोनों परिवारों को बुलाकर समझौता करवाया। इसके बाद 8 दिसंबर 2025 को दंपति वापस अपने गांव इनाम वीरापुरा लौटे।
गांव लौटने के कुछ ही दिनों बाद हुआ जानलेवा हमला
गांव लौटने के कुछ ही दिनों बाद यह खौफनाक हमला हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। यह घटना ऑनर किलिंग का एक और गंभीर मामला मानी जा रही है।
पिता समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
हुब्बली ग्रामीण पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश, वीरन्ना और अरुण के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इनमें मृतका का पिता और उसके नजदीकी रिश्तेदार शामिल हैं।
जांच के लिए विशेष पुलिस टीम गठित
पुलिस ने मामले की गहराई से जांच करने के लिए एक विशेष टीम बनाई है। जांच का मकसद यह पता लगाना है कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
ये भी पढ़ेंः Indonesia में दर्दनाक सड़क हादसा, 15 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

