Site icon Dainik Savera Times

कर्नाटक के CM और गृहमंत्री को भगदड़ की जिम्मेदारी लेनी चाहिये : कुमारस्वामी 

बेंगलुरु। जनता दल (एस) नेता और केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने शनिवार को कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और गृह मंत्री जी परमेश्वर को चार जून को मची भगदड़ की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और अगर उनमें नैतिकता है, तो उन्हें त्यागपत्र दे देना चाहिए। आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की जीत का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ जुटने के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास बुधवार शाम मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 56 अन्य घायल हो गए थे। कुमारस्वामी ने शहर के पुलिस आयुक्त सहित पांच पुलिस अधिकारियों को निलंबित करने के लिए सरकार पर निशाना साधा।
कुमारस्वामी ने कहा, ‘‘इस अप्रिय घटना के संबंध में जल्दबाजी में पांच पुलिस अधिकारियों को निलंबित करना अनावशय़क था। अगर अधिकारियों को सरकार की गलतियों के लिए बलि का बकरा बनाया जाता है, तो क्या अधिकारी प्रभावी ढंग से काम कर सकते हैं, सरकार को इस बारे में सोचना चाहिए था।’’ कुमारस्वामी ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सरकार का नेतृत्व करने वाले लोग पारदर्शी, सच्चा और वफादार प्रशासन देने का दावा करते हैं और उन्हें उनके द्वारा लिए गए निर्णयों के बारे में जनता की राय को समझना चाहिए।
उन्होंने पूछा, ‘‘भगदड़ की घटना के संबंध में दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि तीन जून को मैच शुरू होने से पहले ही स्टेडियम में चार जून को जीत का जश्न मनाने की अनुमति मांगी गई थी। फाइनल मैच तीन जून को शाम 7:30 बजे शुरू हुआ, लेकिन अगले दिन के जश्न के लिए शाम छह बजे आवेदन किया गया, क्या उन्होंने मैच जीतने का सपना देखा था। विधानसौध के सामने जश्न मनाने के लिए डीएपीआर को एक और आवेदन दिया गया, इसके पीछे कौन था। उस दिन (चार जून) सुबह 7:30 बजे पुलिस आयुक्त पर अनुमति के लिए किसने दबाव डाला।’’ प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके कुमारस्वामी ने कहा कि भगदड़ की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री को लेनी होगी और इन तीनों की गलती है।
Exit mobile version